हिंदी
आंध्र प्रदेश के ASR जिले में बड़ा बस हादसा हुआ, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हैं। तेलंगाना के भद्राचलम से अन्नावरम जा रही बस खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चला।
आंध्र प्रदेश में बड़ा बस हादसा
Amaravati: आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेलंगाना के भद्राचलम से अन्नावरम की ओर जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल्स की बस चित्तूर-मरडुमल्ली घाट रोड पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि 10 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बस में कुल 37 यात्री सवार थे और यह सब रात के अंधेरे में कुछ ही सेकंडों में बदल गया।
ASR जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 9-10 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और कई घायलों की हालत गंभीर है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन पूरी क्षमता से राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। गंभीर घायलों को तुरंत भद्राचलम एरिया अस्पताल और राजामुंदरी के बड़े ट्रॉमा सेंटर में रेफर किया गया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
रायबरेली के बछरावां स्टेशन पर भीषण आग हादसा, किचन से उठा धुआं और भड़क उठी लपटें… मची अफरा-तफरी
हादसे का कारण शुरुआती जांच में बस चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। चित्तूर–मरडुमल्ली घाट रोड पर कई गहरे मोड़ हैं, जिन पर अक्सर वाहन फिसलने और पलटने की घटनाएं होती रहती हैं। सूत्रों के अनुसार, बस मोड़ पर तेज रफ्तार में थी, चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस रेलिंग तोड़ते हुए लगभग 150 फीट गहरी घाटी में जा गिरी। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस के गिरते ही यात्रियों की चीख-पुकार पहाड़ों में गूंजने लगी थी। हादसा रात 11 बजे के आसपास हुआ।
जैसे ही हादसे की सूचना मिली, पुलिस, फायर सर्विस, SDRF और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। रात के अंधेरे में ढलान से घायलों को निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण था। घायलों को स्ट्रेचर, रस्सियों, टॉर्च और विशेष सुरक्षा बेल्ट की मदद से ऊपर लाया गया। रातभर रेस्क्यू चलने के बाद सभी मृतकों और घायलों को घाटी से बाहर निकाल लिया गया। कुछ यात्रियों को गंभीर रीढ़ और सिर की चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।
दिल्ली के शकूरबस्ती में रेल हादसा टला, दो डिब्बे पटरी से उतरे, यात्रियों के बीच अफरा-तफरी
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कुछ अधिकारियों का कहना है कि बस की स्पीड अधिक थी, जबकि अन्य का मानना है कि सड़क की स्थिति खराब होने और रेलिंग कमजोर होने की वजह से वाहन सीधे घाटी में जा गिरा। मरडुमल्ली-चित्तूर मार्ग पर हादसे लगातार हो रहे हैं। पिछले तीन वर्षों में इस मार्ग पर 14 से अधिक बड़े हादसे सामने आ चुके हैं।
बस कंपनी ने यात्रियों की सूची प्रशासन को उपलब्ध करा दी है। अधिकांश यात्री भद्राचलम और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कई परिवारों ने अपने रिश्तेदारों के बारे में जानकारी के लिए हेल्पलाइन पर कॉल करना शुरू कर दिया है।