हिंदी
14 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट (Img: AI Generated Image)
New Delhi: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में हुई तेज बारिश के बाद अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार, 30 जुलाई के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 19 से 24 घंटों के दौरान उत्तर, मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल सकता है। तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि कुछ इलाकों में 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
आईएमडी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। वहीं मानसून की सक्रिय रेखा उत्तर भारत की तरफ बनी हुई है। इन दोनों प्रणालियों के असर से अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- अगर नैनीताल जा रहे हैं तो सावधान! भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच डीएम ने जारी किए सख्त निर्देश
मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जहां अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।
वहीं हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, ओडिशा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कोंकण-गोवा, केरल, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में पूरे दिन बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, सीतापुर, कानपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, आगरा, अलीगढ़ और संभल समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
बिहार में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और उत्तर बिहार के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम, हरदा, देवास, धार और बुरहानपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
ये भी पढ़ें- Weather Update: नोएडा-दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में झमाझम बारिश, तापमान 31 डिग्री तक गिरा
उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग, केदारनाथ धाम और देहरादून समेत कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भूस्खलन, अचानक जलभराव और कुछ स्थानों पर बादल फटने जैसी घटनाओं की आशंका के चलते लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा जताया गया है। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों से प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिजली चमकने या तेज आंधी के समय खुले मैदानों में जाने से बचें। पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोग स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखें।
Location : New Delhi
Published : 29 July 2026, 7:49 PM IST