अचानक खाई में जा गिरी पिकअप! गाहन में 150 मीटर नीचे पहुंचा वाहन, चालक की मौके पर मौत

रामपुर बुशहर के ननखड़ी में शनिवार शाम एक पिकअप करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार 72 वर्षीय बुजुर्ग घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव शुरू किया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 September 2026, 12:07 PM IST
google-preferred

Rampur: हिमाचल प्रदेश के रामपुर बुशहर में ननखड़ी तहसील के गाहन के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। नारकंडा से ननखड़ी की ओर जा रही एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप में सवार 72 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।

शाम के वक्त हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। पिकअप नारकंडा से ननखड़ी की तरफ आ रही थी। जैसे ही वाहन गाहन के पास पहुंचा, किसी वजह से चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और पिकअप सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

बताया जा रहा है कि हादसा इतना जोरदार था कि वाहन सड़क से काफी नीचे जा पहुंचा। खाई की गहराई करीब 150 मीटर बताई जा रही है। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की तरफ दौड़े।

ये भी पढ़ें- Muzaffarnagar Encounter: क्राउन स्कूल के पास अचानक हुई फायरिंग, पैर में गोली लगने के बाद गैंगस्टर बिलाल गिरफ्तार

स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग राहत और बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। इसके साथ ही पुलिस को भी हादसे की जानकारी दी गई।

हादसे में पिकअप चालक मोहर सिंह (39) पुत्र अमर सिंह, निवासी गांव लैलण, तहसील ननखड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि हादसे के समय मोहर सिंह ही पिकअप चला रहे थे।

72 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर घायल

हादसे में वाहन में सवार हरदयाल मेहता (72), निवासी गांव जवालड़ा, तहसील ननखड़ी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकालने के बाद उपचार के लिए कोटगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें शिमला रेफर कर दिया। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

ये भी पढ़ें- चाय बेचने वाले के नाम पर सालों से चल रही थी फर्जी मेडिकल यूनिवर्सिटी, छात्रों से करोड़ों की ठगी का आरोप

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही ननखड़ी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि पिकअप अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। पुलिस हादसे से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Location :  Rampur

Published :  20 September 2026, 12:07 PM IST

Advertisement