हिंदी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Img- X)
New Delhi: केंद्रीय बजट 2026 को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा जुबानी हमला बोला है। रविवार को दिए बयान में उन्होंने कहा कि जब भाजपा सरकार से ही किसी तरह की उम्मीद नहीं है, तो उसके बजट से भी किसी सकारात्मक बदलाव की आशा नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक पेश किए गए सभी बजट केवल देश की करीब 5 प्रतिशत आबादी को फायदा पहुंचाने के लिए बनाए गए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश की बड़ी आबादी जिसमें गरीब, किसान और युवा शामिल हैं लगातार उपेक्षा का शिकार हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे बजट आम आदमी की समझ से बाहर हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “अगर यही हाल रहा तो आने वाले समय में लोहे पर पीतल चढ़ाकर जेवर बनाने पड़ेंगे।” उनका इशारा बढ़ती महंगाई और आम लोगों की घटती क्रय शक्ति की ओर था।
सपा प्रमुख ने कहा कि असली बजट वही होता है, जो पेश होने के बाद गरीबों के चेहरे पर मुस्कान लाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार बजट के जरिए अपने चहेते लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत कर रही है, जबकि आम जनता की स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बजट का उद्देश्य मुनाफा कमाने वालों को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि जनकल्याण होना चाहिए।
Kannauj: सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान, जातीय जनगणना से लेकर शंकराचार्य विवाद पर कही ये बात
अखिलेश यादव ने सरकार को उसके पुराने घोषणापत्र की याद दिलाई। उन्होंने स्मार्ट सिटी योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन शहरों को स्मार्ट बताया गया, वहां सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के बड़े-बड़े दावे किए गए थे। लेकिन हकीकत यह है कि कई जगहों पर खराब पानी पीने से लोगों की जान तक चली गई। उन्होंने पूछा कि अगर यही विकास मॉडल है, तो आम जनता को इसका क्या फायदा मिला।
"बड़े लोगों की बड़ी खुशहाली के लिए यह बजट है।"
- माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/CCZjtxlMxJ
— Santosh Pandey (@Santoshpandemla) February 1, 2026
पर्यावरण और स्वास्थ्य के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सरकार को यह जवाब देना पड़ता है कि देश की हवा इतनी खराब है कि निवेश प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि खराब हवा के कारण कितने लोगों की जान जा रही है और सरकार इसके लिए आखिर कर क्या रही है।
सपा प्रमुख ने किसानों की आय दोगुनी करने के वादे को भी घेरा। उन्होंने कहा कि जमीनी हकीकत वादों से बिल्कुल अलग है। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या किसानों की आय वास्तव में दोगुनी हुई है। युवाओं के रोजगार को लेकर भी उन्होंने कहा कि आज भी युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं।
अखिलेश यादव ने सामाजिक न्याय के मुद्दे पर भी सरकार पर झूठे दावे करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के नाम पर कही जा रही बातों की सच्चाई देश की जनता जानती है। सरकार को बताना चाहिए कि उसने वास्तव में इस मोर्चे पर क्या किया है।
Location : New Delhi
Published : 1 February 2026, 1:47 PM IST