हिंदी
कन्नौज में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कई मुद्दों को उठाया। उन्होंने कन्नौज से अपने गहरे जुड़ाव की बात कही और क्षेत्र के विकास को जनता के समग्र विकास से जोड़कर देखा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट
Kannauj: कन्नौज में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य और केंद्र की नीतियों पर तीखा हमला करते हुए जनता के सामने कई मुद्दों को रखा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उनका गहरा जुड़ाव है और कन्नौज के विकास से ही जनता का भी विकास संभव है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाला सेंसेस (जनगणना) बड़ी खबर है और इसमें लोगों की सभी जानकारियां गिनी जाएंगी। उन्होंने सरकार से जातीय जनगणना शामिल करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे हर जाति को उनके अधिकार और सम्मान दिलाना आसान होगा और समाज में झगड़े कम होंगे।
UGC के नए नियमों पर ‘सुप्रीम’रोक, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बोले- बात सिर्फ नियम की नहीं…
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों के कारण आम जनता को भारी महंगाई और आर्थिक दबाव झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि लोग केवल पीतल के जेवर पहनें, जबकि सोना और अन्य कीमती धातुएं सरकार समर्थकों द्वारा खरीदी जा रही हैं, जिससे दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान@yadavakhilesh @samajwadiparty #AkhileshYadav pic.twitter.com/0laNu7HuA2
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) January 30, 2026
सपा अध्यक्ष ने पूज्य शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के सवालों पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सरकार के पास इन सवालों का कोई जवाब नहीं है और जानबूझकर शंकराचार्य का अपमान किया गया।
अखिलेश ने असम और नॉर्थ ईस्ट के मुद्दों पर कहा कि समाजवादी नेताओं का उद्देश्य इन इलाकों को देश से जुड़ाव महसूस कराना था। उन्होंने कहा कि कई बार राजनीतिक बयानबाजी केवल पद बनाए रखने की रणनीति होती है। उन्होंने PDA (People’s Democratic Alliance) की बढ़ती ताकत का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा इस वजह से घबराई हुई है। "अभी PDA ने बीजेपी को हराया है, PDA की ताकत से बहुत लोग घबराए हुए हैं। ये लोग PDA की वजह से UGC लाएं हैं।"
अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र डिप्टी सीएम के विमान क्रैश मामले पर ममता बनर्जी के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सभी हवाई जहाजों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए और जिस कंपनी के विमान क्रैश हुए हैं, उस पर विशेष नजर रखी जानी चाहिए। "जो हवाई जहाज सही था, अभी तक उड़ रहा था और विजिबिलिटी जब 3 किलोमीटर थी तो ये हादसा कैसे हुआ? तो ये जांच जरूरी है।"
अखिलेश ने अंत में कहा कि बिजली के बिल, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के कारण जनता समाजवादी पार्टी की ओर लौट रही है। उनका कहना था कि यही कारण है कि समाजवादी पार्टी भविष्य में फिर से मजबूत होकर सत्ता में आएगी।