हिंदी
फतेहपुर के खागा तहसील क्षेत्र में अल्लीपुर भादर गांव के पास महीनों से अधूरी पड़ी पुलिया राहगीरों के लिए खतरा बनी हुई है। स्कूली बच्चों से भरे वाहन रोज गुजरते हैं। हाल ही में ई-रिक्शा पलटने से हादसा हो चुका है, लेकिन प्रशासन अब भी बेखबर है।
अधूरी पुलिया बनी जानलेवा
Fatehpur: जनपद फतेहपुर के खागा तहसील क्षेत्र में सड़क प्रशासन की लापरवाही एक बड़े हादसे को न्योता दे रही है। ऐरायाँ विकास खंड अंतर्गत कटोंघन मोड़ से बुदवन होते हुए प्रेमनगर कस्बा की ओर जाने वाले मार्ग पर अल्लीपुर भादर गांव में दुर्गा मंदिर के पास बनी पुलिया महीनों से अधूरी पड़ी है। निर्माण कार्य आधा छोड़कर जिम्मेदार विभाग के अधिकारी और ठेकेदार गायब हैं।
अधूरी और टूटी पुलिया के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिया के दोनों ओर गड्ढे, टूटी स्लैब और असंतुलित सतह किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरे या बारिश के समय यहां से गुजरना और भी जोखिम भरा हो जाता है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि अल्लीपुर भादर गांव होते हुए इसी पुलिया से खागा, प्रेमनगर और सुल्तानपुर घोष की ओर जाने वाले दर्जनों स्कूल वाहन रोजाना गुजरते हैं। करीब आधा सैकड़ा नन्हे बच्चे इन वाहनों में सवार होकर दिन में दो बार इसी खतरनाक पुलिया से आते-जाते हैं।
स्थानीय वाहन चालकों का कहना है कि यह मार्ग अब पूरी तरह दुर्गम और जोखिम भरा हो चुका है। कई बार बच्चों से भरी वैन इस टूटी पुलिया पर असंतुलित होकर पलटते-पलटते बची है। हर गुजरते दिन के साथ खतरा और बढ़ता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदारों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
बड़ा हादसा कभी भी संभव
बीते शनिवार को अधूरी पुलिया पर एक सवारी से भरा ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया। इस हादसे में कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि ई-रिक्शा चालक के पैर में गंभीर चोट आई। गनीमत रही कि कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यह हादसा चेतावनी जरूर दे गया।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया का निर्माण पूरा नहीं किया गया, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। सवाल यह है कि क्या सड़क प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?
स्थानीय निवासियों ने कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही पुलिया का निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
फतेहपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: बाइक चोर गिरोह का भांडाफोड, आठ बाइकें और दो आरोपी गिरफ्तार
कटोंघन वाया बुदवन मार्ग पर स्थित यह अधूरी पुलिया किसी भी समय बड़ी सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। जरूरत है कि जिला प्रशासन और सड़क विभाग तत्काल संज्ञान लेकर निर्माण कार्य पूरा कराए, ताकि आमजन और बच्चों की जान सुरक्षित रह सके।