हिंदी
झारखंड के देवघर में ठाड़ी मैदान में युवक की सिरकटी लाश मिलने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। जहां इसी कड़ी में अब इस मामले ने आज उग्र रूप ले लिया। अब इस घटना के साथ परिजनों ने उग्र प्रदर्शन किया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट
देवघर में मृतक के परिजनों को हंगामा
Deoghar: झारखंड के देवघर में ठाड़ी मैदान में युवक की सिरकटी लाश मिलने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। जहां इसी कड़ी में अब इस मामले ने आज उग्र रूप ले लिया। मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आज वैद्यनाथपुर चौक के पास शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन पर उतर आए। देखते ही देखते पूरा इलाका आंदोलन का केंद्र बन गया और वैद्यनाथपुर चौक से लेकर विदेशी चौक तक आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस प्रशासन हाय-हाय के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। परिजन बेहद भावुक नजर आए और हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। मौके पर एसडीपीओ अशोक सिंह, थाना प्रभारी राजीव कुमार, रीखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार समेत कई अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे, लेकिन खबर लिखे जाने तक आंदोलन जारी था।
गौरतलब है कि कल ठाड़ी मैदान से युवक की सिरकटी लाश बरामद हुई थी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का माना जा रहा है, हालांकि हत्या के कारणों और आरोपियों को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है।
फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन पुलिस हालात को नियंत्रण में रखने और लोगों को शांत कराने के प्रयास में लगी हुई है। वही अब देखने वाली बात यह है कि आखिर यह मामला आगे क्या रूप लेता है। साथ ही तकर कब मृतक के परिजनों को इंसाफ मिल पाता है।