हिंदी
सूटकेस में करीब 25 वर्षीय महिला का शव था। महिला के सिर में और शरीर के विभिन्न अंगों पर चोट के निशान मिले थे। पढ़ें डाइनामाइट न्यूज की पूरी खबर
जांच करते हुए पुलिस अफसर
हापुड़: कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र के गांव सिखेड़ा रजवाहे में सूटकेस में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार है। पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में ठीक से खुलासा हो पाएगा।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पुलिस ने 24 घंटे में अब तक 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे की फुटेजों को खंगाला है, लेकिन इसके बाद भी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस मृतका की पहचान करने का हर संभव प्रयास कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
रजवाहे में सूटकेस में पड़ा था महिला का शव
गांव सिखेड़ा के कुछ ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह रजवाहे के किनारे झाड़ियों में एक सूटकेस को पड़ा देखा। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सूटकेस को खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। सूटकेस में करीब 25 वर्षीय महिला का शव था। महिला के सिर में और शरीर के विभिन्न अंगों पर चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। पुलिस को आशंका है कि किसी धारदार हथियार से वार कर महिला की हत्या की गई है और मृतका की पहचान न हो, इसके लिए शव को सूटकेस में बंद कर रजवाहे में फेंक दिया था।
ग्रामीणों की भी मदद ले रही है पुलिस
गांव सिखेड़ा के रजवाहे में मिले सूटकेस में महिला के शव के बारे में पुलिस मृतका की शिनाख्त करने के लिए ग्रामीणों की भी मदद ले रही है। जिससे महिला की पहचान जल्द से जल्द हो सके।
किस वजह से की हत्या बड़ा सवाल
ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ा सवाल सूटकेस का है। हत्यारोपियों का महिला की हत्या करने के पीछे क्या इरादा रहा होगा। जिससे महिला की इतनी निर्मम हत्या की है। ग्रामीणों का मानना है कि रात को रजवाहे के पास पुलिस गश्त होनी चाहिए। जिससे आगे ऐसी घटना न हो सके।
क्या कहते है प्रभारी निरीक्षक
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में जानकारी मिल पाएगी। पुलिस की तीन टीमें घटना का खुलासा करने के लिए लगी हुई है। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।