रो-रोकर बेहाल हुई पत्नी, मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, बदायूं में युवक की मौत से बिखरा हंसता-खेलता परिवार

बदायूं के बिसौली स्थित चन्दपुरा गांव में शनिवार को चंडीगढ़ से लौटे 30 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 2 August 2026, 3:54 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के चन्दपुरा गांव में रविवार को एक 30 वर्षीय युवक का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

मृतक की हुई पहचान

मृतक की पहचान जगतपाल पुत्र बृजलाल दिवाकर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार जगतपाल पिछले कई वर्षों से चंडीगढ़ में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह शनिवार को ही चंडीगढ़ से घर वापस लौटा था।

ये भी पढ़ें - Budaun: बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य की फॉर्च्यूनर कार हादसे का शिकार, MLA समेत 3 गंभीर घायल

क्या है पूरा मामला

रविवार सुबह जब काफी देर तक जगतपाल कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज न आने पर खिड़की से झांककर देखा गया तो वह फंदे पर लटका मिला। शोर सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। सूचना पर बिसौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

परिजनों ने बताई अनबन की बात

परिजनों का कहना है कि जगतपाल और उसकी पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया होगा। हालांकि पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें - Budaun: बच्चों की किताबें खरीदने निकला था पिता, बाजार पहुंचते ही हो गई अचानक मौत

ग्रामीणों ने बताया कि जगतपाल मेहनती और शांत स्वभाव का था। चंडीगढ़ में मजदूरी कर वह अपने घर की जिम्मेदारियां निभा रहा था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी और छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी

बिसौली कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस ने घर से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं होने की बात कही है। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

Location :  Budaun

Published :  2 August 2026, 3:53 PM IST

Advertisement