हिंदी
50 हजार रुपये का इनामी आरोपी लखन गिरफ्तार (Img: AI Generated Image)
Firozabad: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने फिरोजाबाद पुलिस के लिए लंबे समय से चुनौती बने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी लखन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था और काफी समय से फरार था। STF ने उसे 29 जून 2026 की रात सिरसागंज थाना क्षेत्र के उखरेंड कट के पास से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पूछताछ में कई अहम जानकारियां दीं।
STF को लगातार सूचना मिल रही थी कि फरार और इनामी अपराधी सक्रिय होकर अलग-अलग वारदातों में शामिल हो रहे हैं। इसी के बाद विभिन्न टीमों को ऐसे अपराधियों की तलाश में लगाया गया था। आगरा फील्ड यूनिट के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश के पर्यवेक्षण में STF की टीम फिरोजाबाद में सूचना जुटा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से खबर मिली कि 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी लखन उखरेंड कट के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही STF की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नवेली दुल्हन पहुंची पुलिस के दरबार, कहा- हनीमून पर पति ने मेरे साथ…शादी के 10 दिन बाद ही हो गया कांड
पूछताछ के दौरान लखन ने बताया कि वह वर्ष 2015 से फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी और आगरा समेत कई जिलों में चोरी, नकबजनी और स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता रहा है। उसके खिलाफ सिरसागंज थाने में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी हुई थी। आरोपी ने बताया कि उसके वकील ने उसे जानकारी दी थी कि उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित हो गया है। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। उसने यह भी बताया कि उसके गैंग के बाकी सदस्य आजमगढ़ चले गए थे और वह भी वहां भागने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले STF ने उसे पकड़ लिया।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी दिनेश गौतम, मुख्य आरक्षी रवेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी बृजराज सिंह और आरक्षी चालक महेश रावत शामिल रहे। टीम ने बिना किसी हंगामे के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार लखन के खिलाफ फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी और आगरा के अलग-अलग थानों में कुल 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, नकबजनी, स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम, हत्या से संबंधित मामला, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के केस शामिल हैं। इसी आपराधिक रिकॉर्ड के चलते उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी और बाद में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
STF ने गिरफ्तार आरोपी को सिरसागंज थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 03/2026 में दाखिल कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है। अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई सिरसागंज पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच की जाएगी।
Location : Firozabad
Published : 30 June 2026, 5:48 PM IST
Topics : crime news firozabad news gangster act UP STF