PM के संसदीय क्षेत्र में तीन बदमाशों का एनकाउंटर, जानिए महंत के घर चोरी में कौन थे शामिल

संकट मोचन मंदिर के महंत के घर हुई करोड़ों की चोरी का वाराणसी पुलिस ने राजफाश कर दिया है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी खब़र

Updated : 21 May 2025, 10:43 AM IST
google-preferred

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में संकट मोचन मंदिर के महंत के घर से करोड़ों की चोरी के मामले में हड़कंप मच गया था। घटना को चुनौती मानकर पुलिस आनन-फानन में एक्शन मोड में आई और वारदात को अंजाम देने वालों की जानकारी जुटाई। मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच वाराणसी के रामनगर क्षेत्र में मुठभेड़ हुई जिसके बाद मामला खुल गया। पुलिस ने संकट मोचन मंदिर के महंत के घर में हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की चोरी का पर्दाफाश कर दिया। इस मुठभेड़ में पुलिस ने छह बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से तीन के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने चोरी किए गए सभी जेवरात और नकदी को बरामद कर लिया है। इस घटना को अंजाम देने वाले बदमाश महंत के यहां काम करते थे।

खुलासे में लगी पुलिस की 11 टीमें

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, वाराणसी के संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भर नाथ मिश्र के तुलसी घाट स्थित आवास से बीते रविवार को दिनदहाड़े चोरी हुई थी। घटना के समय महंत दिल्ली में थे। सोमवार को जब वे लौटे तो चोरी की जानकारी मिली। उनके पीआरओ अशोक कुमार पांडेय ने भेलूपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए 11 टीमों का गठन किया।

घेराबंदी देख पुलिस पर की फायरिंग

बकौल पुलिस, मंगलवार रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच खुफिया तंत्र से सूचना मिली कि रामनगर में बदमाश चोरी किए गए जेवरात और नकदी का बंटवारा कर रहे हैं। पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर बदमाशों की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बिहार निवासी विक्की तिवारी, जितेंद्र सिंह और राकेश दुबे पैर में गोली लगने से घायल हो गए। तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। बाकी बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, जिनमें से तीन को कांबिंग के दौरान पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में भगवानपुर-लंका निवासी दिलीप चौबे, फतेहपुर के फुलवा मऊ निवासी अतुल शुक्ला और देवरिया के शनि मद्धेशिया शामिल हैं। इनके पास से चोरी के आभूषण और तीन लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है।

बदमाशों का इतिहास खंगाल रही पुलिस

पूछताछ में बदमाशों ने बताया है कि उन्होंने महंत के घर पिछले दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी के बाद दरवाजे को फिर से बंद करने की कोशिश की थी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, डीसीपी गौरव बंसवाल, एडीसीपी सरवणन टी और एसीपी डॉ. ईशान सोनी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास और उनके संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

Location :  Varanasi

Published :  21 May 2025, 10:42 AM IST

Related News

Advertisement