हिंदी
सीतापुर में युवक की मौत (Img: Dynamite News)
Sitapur: शहर कोतवाली क्षेत्र के बस स्टॉप स्थित निजी सेवांता अस्पताल में करीब 11 दिनों से उपचार करा रहे 35 वर्षीय शैलेश कुमार की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालत गंभीर होने पर अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ के हायर सेंटर रेफर किया था। परिजन उन्हें लेकर लखनऊ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही शैलेश ने दम तोड़ दिया।
रामकोट कस्बा निवासी शैलेश कुमार को परिजनों ने 29 जुलाई को यूरिन संबंधी समस्या के चलते सेवांता अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक चिकित्सकों ने जांच के बाद उनका ऑपरेशन किया। इसके बाद करीब 11 दिनों तक अस्पताल में उपचार चलता रहा। परिवार का आरोप है कि उपचार के बावजूद शैलेश की हालत में सुधार नहीं हुआ और लगातार बिगड़ती गई।
ये भी पढ़ें - Sitapur: 25 शादियों के कथित ठग मामले में भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने तोड़ी चुप्पी, बोले- हम भी हुए शिकार…
परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात अचानक शैलेश की हालत बेहद गंभीर हो गई। इसके बाद अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन उन्हें लखनऊ लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
युवक की मौत से आक्रोशित परिजन शव लेकर वापस सेवांता अस्पताल पहुंचे और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के गेट पर हंगामा किया। मृतक की मां राजकुमारी ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि ऑपरेशन और 11 दिन के उपचार के बाद भी बेटे की हालत लगातार खराब होती गई। परिजनों ने उपचार के नाम पर अधिक रुपये वसूलने का आरोप भी लगाया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें - Sitapur News: पर्यटन प्रोजेक्ट्स का औचक निरीक्षण, अफसरों को दिए कड़े निर्देश
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sitapur
Published : 8 August 2026, 1:16 PM IST
Topics : crime news Sitapur News Sitapur Police UP News