‘मामा की बेटी से रचाई शादी, फिर 18 महीने में खूनी अंजाम’ सीतापुर में महिला की मौत से दहला मायका

सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र में 18 माह पहले ब्याही महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुरालियों पर लोहे की रॉड से मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 24 August 2026, 1:42 PM IST
google-preferred

Sitapur: पिसावां थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुरालियों पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाई गई महिला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार पिसावां थाना क्षेत्र के ग्राम जलाईपुर निवासी शिवम यादव का विवाह करीब 18 माह पहले कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम उमरिया निवासी 35 वर्षीय रेखा यादव के साथ हुआ था। खास बात यह है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से रिश्तेदारी थी। मृतका रेखा यादव, उसके पति शिवम यादव के सगे मामा की बेटी थी। यानी दोनों परिवारों में पहले से पारिवारिक संबंध होने के बावजूद घटना के बाद रिश्तों में गंभीर विवाद खड़ा हो गया है।

ये भी पढ़ें - Sitapur: हिस्ट्रीशीटर मुजीब अहमद पर पुलिस का शिकंजा, अब खुलेंगे अपराध की दुनिया के छिपे राज

मृतका के भाई को की गई सुचना

बताया गया कि रविवार रात करीब 11 बजे रेखा के मायके में फोन पहुंचा। मृतका के भाई निर्भय सिंह यादव के अनुसार फोन पर बताया गया कि उनकी बहन को मार दिया गया है। इसके बाद फोन कट गया। सूचना मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजन और स्थानीय लोग रेखा को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मायके पक्ष ने लगाया आरोप

मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि रेखा गांव के ही एक युवक से बातचीत करती थी। पति इसका विरोध करता था। इसी बात को लेकर रविवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रेखा के साथ मारपीट की गई और लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

हालांकि मृतका के भाई निर्भय यादव ने बहन के किसी युवक से संबंध होने की बात से इनकार किया। उनका आरोप है कि रेखा का पति दूसरी शादी करना चाहता था और इसी वजह से उसकी हत्या की गई।

महिला की संदिग्ध मौत ने खड़े किए कई सवाल

घटना की सबसे अहम कड़ी यह भी है कि मृतका और उसका पति पहले से रिश्तेदार थे। रेखा अपने पति के सगे मामा की बेटी थी। ऐसे में जिस परिवार में पहले से रिश्तेदारी थी, उसी परिवार में महिला की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मायके पक्ष के आरोपों और ससुराल पक्ष की संभावित दलीलों के बीच अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सबकी नजर है।

ये भी पढ़ें - Sitapur News: संपूर्ण समाधान दिवस में DM सख्त, लापरवाही पर FIR और कार्रवाई की चेतावनी

महिला की मौत को लेकर अलग-अलग आरोप सामने आने से मामला उलझ गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Sitapur

Published :  24 August 2026, 1:42 PM IST

Advertisement