Sitapur News: संपूर्ण समाधान दिवस में DM सख्त, लापरवाही पर FIR और कार्रवाई की चेतावनी

सीतापुर के महमूदाबाद तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने साफ कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 18 August 2026, 12:30 PM IST
google-preferred

Sitapur: कार्यक्रम के दौरान पांडे हाता निवासी तहसीन बानो ने घर के सामने खुले कुएं की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कुएं पर ढक्कन नहीं होने से हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। शिकायत सुनते ही जिलाधिकारी ने नगर पालिका के संबंधित कर्मचारी को फटकार लगाई और निर्देश दिया कि उसी दिन शाम तक कुएं को सुरक्षित ढक दिया जाए। उन्होंने कहा कि आदेश का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जमीन विवाद में देरी पर नाराजगी

सरैया महीपति सिंह गांव के हसनू ने आरोप लगाया कि उनकी 10 बिस्वा जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। कोर्ट के आदेश के बावजूद जमीन का सीमांकन नहीं हुआ। इस पर डीएम ने संबंधित कानूनगो से फोन पर बात कर अगले दिन तक पैमाइश पूरी करने और कब्जा दिलाने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Sitapur News: अंतर्राज्यीय शराब तस्करी गिरोह का खुलासा, फर्जी नंबर प्लेट वाली कार से 139 बोतल शराब बरामद

रिश्वत के आरोप की होगी जांच

शिकायतकर्ता ने एक सेवानिवृत्त कानूनगो पर सीमांकन के नाम पर 7 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करने के निर्देश दिए।

दिव्यांग की शिकायत भी सुनी

समाधान दिवस में एक दिव्यांग युवक अपनी जन्मतिथि में संशोधन कराने की मांग लेकर पहुंचा। दस्तावेजों में अधिक अंतर होने के कारण जिलाधिकारी ने आवेदन स्वीकार नहीं किया। इससे नाराज युवक ने अपना आवेदन फाड़ दिया और मुख्य गेट पर बैठ गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उसे समझाकर व्हीलचेयर के माध्यम से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

अन्य मामलों में भी दिए सख्त निर्देश

कार्यक्रम में रास्ते पर अवैध कब्जा, सीमांकन, पेंशन और सेवा संबंधी लाभों जैसी कई शिकायतें भी सामने आईं। एक दिवंगत सफाई कर्मचारी की पत्नी ने पेंशन और अन्य देयकों का मामला उठाया, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारी को उसी दिन कागजात तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनहित के मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Sitapur News: मिड-डे मील में लापरवाही या शिक्षकों पर गाज? प्राथमिक शिक्षक संघ ने DM से की FIR की समीक्षा की मांग

224 शिकायतें पहुंचीं, 33 का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस में जिलेभर से कुल 224 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 33 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Sitapur

Published :  18 August 2026, 12:29 PM IST

Related News

Advertisement