Sitapur News: मिड-डे मील में लापरवाही या शिक्षकों पर गाज? प्राथमिक शिक्षक संघ ने DM से की FIR की समीक्षा की मांग

सीतापुर में मिड-डे मील की अव्यवस्थाओं को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर खाद्यान्न आपूर्ति, सिलेंडर बजट और छंगापुर विद्यालय की शिक्षिका पर हुई एफआईआर की निष्पक्ष जांच कराने तथा वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 10 August 2026, 7:40 PM IST
google-preferred

Sitapur: परिषदीय स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले पीएम पोषण योजना (मिड-डे मील) को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने गंभीर सवाल उठाए हैं। संघ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में सामने आ रही खामियों की जांच कराने और वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

खाद्यान्न से गैस सिलेंडर तक उठे सवाल

शिक्षक संघ ने आरोप लगाया कि कई विद्यालयों में समय से खाद्यान्न नहीं पहुंचता, गैस सिलेंडर की आपूर्ति और भुगतान को लेकर दिक्कतें रहती हैं। बंद पड़े गैस कनेक्शनों का नवीनीकरण न होने तथा चोरी हुए सिलेंडरों के स्थान पर नए सिलेंडर खरीदने के लिए धन उपलब्ध न होने जैसी समस्याएं भी विद्यालयों के सामने हैं।

ये भी पढ़ें- Sitapur: झाड़ियों में मिला शव, नाक से बहता खून… 35 साल के युवक की मौत पर गहराया रहस्य

ज्ञापन में यह भी सवाल उठाया गया कि खाद्यान्न की गुणवत्ता का नमूनों से मिलान, विद्यालय स्तर पर भंडारण और वास्तविक दोषी के खिलाफ कार्रवाई जैसी प्रक्रियाओं में लापरवाही होने पर भी कई बार सीधे प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक को जिम्मेदार ठहरा दिया जाता है।

छंगापुर विद्यालय प्रकरण ने बढ़ाई हलचल

महमूदाबाद विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय छंगापुर का मामला भी शिक्षक संघ ने डीएम के सामने उठाया है। संघ के मुताबिक मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा के विरुद्ध कार्रवाई की गई और संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।

ये भी पढ़ें - Sitapur: 25 शादियों के कथित ठग मामले में भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने तोड़ी चुप्पी, बोले- हम भी हुए शिकार…

शिक्षक संघ ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संघ का कहना है कि जांच में ग्राम प्रधान, विद्यालय प्रबंधन समिति और मिड-डे मील व्यवस्था से जुड़े अन्य जिम्मेदार पक्षों की भूमिका भी सामने आनी चाहिए।

शिक्षक संघ की दो टूक

संघ ने कहा कि व्यवस्था की खामियों का ठीकरा अकेले शिक्षकों के सिर न फोड़ा जाए। पहले यह तय हो कि गलती किस स्तर पर हुई और जिम्मेदारी किसकी थी। शिक्षक संघ ने डीएम से समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के साथ छंगापुर प्रकरण में दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की है।

अब देखना यह है कि ज्ञापन के बाद प्रशासन मिड-डे मील की व्यवस्था में सामने आई इन शिकायतों पर क्या कदम उठाता है।

Location :  Sitapur

Published :  10 August 2026, 7:40 PM IST

Advertisement