हिंदी
हिस्ट्रीशीटर मुजीब पर बड़ा एक्शन
Sitapur: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली नगर के हिस्ट्रीशीटर मुजीब अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह डरा-धमकाकर रंगदारी वसूलने के मामले में शामिल था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार मुजीब अहमद थाना कोतवाली नगर क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ वर्ष 1991 से अब तक 25 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी, कूटरचना, मारपीट और धमकी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक मुजीब अहमद पुत्र इकबाल अहमद निवासी बट्सगंज, थाना कोतवाली नगर के खिलाफ कोतवाली देहात थाने में मुकदमा अपराध संख्या 196/2026 दर्ज है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुजीब की हिस्ट्रीशीट संख्या ए-4465 है। उसका आपराधिक नेटवर्क सीतापुर के अलावा लखनऊ के कई थाना क्षेत्रों तक फैला हुआ है। वर्ष 1991 से शुरू हुआ उसका आपराधिक इतिहास लगातार बढ़ता गया। उसके खिलाफ वर्ष 1997 में हत्या के प्रयास, वर्ष 1999 और 2000 में रंगदारी, वर्ष 2007 में गैंगस्टर एक्ट और वर्ष 2010 में हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए।
इसके बाद भी पुलिस के अनुसार आरोपी आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा। वर्ष 2018, 2019 और 2020 में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और रंगदारी से जुड़े मामले दर्ज किए गए। वर्ष 2021 में भी उसके खिलाफ यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
मुजीब की गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह, उपनिरीक्षक शिवबहादुर सिंह, कांस्टेबल मानवेन्द्र सिंह ढाका और कांस्टेबल मंगल सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Location : Sitapur
Published : 21 August 2026, 12:56 AM IST