स्कूल की मंगल आरती में शामिल 3 छात्र लापता, सीतापुर में हड़कंप; जानिये पूरा अपडेट

सीतापुर में वेद शिक्षा ग्रहण कर रहे तीन छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में आश्रम से लापता हो गए। सुबह आरती के समय मौजूद छात्र प्रार्थना के वक्त गायब मिले, जिससे हड़कंप मच गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संभावित रास्तों पर परिजनों संग तलाश में जुटी हुई है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 20 August 2026, 6:03 PM IST
google-preferred

Sitapur: सीतापुर में एक विद्यालय  से वेद शिक्षा ग्रहण कर रहे तीन छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। तीनों के एक साथ गायब होने की जानकारी मिलते ही आश्रम प्रबंधन और स्वजन में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों की तलाश शुरू कर दी है। संभावित रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

क्या है पूरा मामला

आचार्य मोहित के अनुसार गुरुवार सुबह करीब पांच बजे मंगल आरती के दौरान छात्रों की गिनती की गई थी। उस समय तीनों छात्र आश्रम में मौजूद थे। इसके बाद करीब छह बजे प्रार्थना के समय दोबारा गिनती की गई तो तीनों छात्र गायब मिले। आश्रम में करीब 150 विद्यार्थी रहकर शिक्षा ग्रहण करते हैं। तीनों के एक साथ लापता होने के बाद आश्रम प्रबंधन ने उनके संभावित ठिकानों और आने-जाने वाले रास्तों की जानकारी जुटानी शुरू की।

ये भी पढ़ें - Sitapur: बचाने के लिए भाई ने नाले में छलांग लगाई, लेकिन… दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत

छात्रों की हुई पहचान

लापता छात्रों की पहचान अनुकेश (12) पुत्र सौरभ मिश्रा निवासी ग्राम अलीपुर, जनपद हरदोई, हिमांशु पांडेय (करीब 13) पुत्र अवधेश पांडेय निवासी आसरेवा, जनपद अयोध्या और आर्यन गुप्ता (11) पुत्र धर्मेंद्र गुप्ता निवासी दुबग्गा रिंग रोड, जनपद लखनऊ के रूप में हुई है। बताया गया कि हिमांशु पांडेय का करीब एक माह पूर्व इसी वर्ष आश्रम में दाखिला कराया गया था।

छात्रों के गायब होने पर प्रबंधन भी हैरान

तीनों छात्रों के सुबह गिनती के दौरान मौजूद मिलने और करीब दो घंटे बाद प्रार्थना के समय गायब पाए जाने से विद्यालय प्रबंधन भी हैरान है। सूचना मिलने पर स्वजन विद्यालय पहुंचकर बच्चों की तलाश में जुट गए हैं। स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और आसपास के लोगों से भी छात्रों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

ये भी पढ़ें - Sitapur News: अंतर्राज्यीय शराब तस्करी गिरोह का खुलासा, फर्जी नंबर प्लेट वाली कार से 139 बोतल शराब बरामद

पुलिस ने खंगाला CCTV फुटेज

थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि तीन छात्रों के लापता होने की सूचना मिली है। पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी है। संभावित आने-जाने वाले रास्तों की जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आश्रम से निकलने के बाद छात्रों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

Location :  Sitapur

Published :  20 August 2026, 6:03 PM IST

Related News

Advertisement