10 साल पुराने हत्या मामले में तीन दोषियों को उम्रकैद, जानलेवा हमले में भी सजा; आखिर क्या है पूरी कहानी?

सीतापुर के मिश्रिख में वर्ष 2016 में हुए हत्या और जानलेवा हमले के मामले में अदालत ने करीब 10 साल बाद बड़ा फैसला सुनाया है। तीन आरोपितों को हत्या का दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा दी गई, जबकि जानलेवा हमले में भी अलग से सजा सुनाई गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 18 August 2026, 7:42 PM IST
google-preferred

Sitapur: मिश्रिख थाना क्षेत्र में वर्ष 2016 में हुई हत्या और जानलेवा हमले के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश, कोर्ट संख्या-7 तरन्नुम खान ने तीन आरोपितों को दोषी करार देते हुए कड़ी सजा सुनाई है। अदालत ने बाबूराम, मनीष और शांति देवी को हत्या के मामले में आजीवन कारावास और 10-10 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया।

वहीं जानलेवा हमले के मामले में तीनों को दस-दस वर्ष के सश्रम कारावास और पांच-पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला मिश्रिख थाना क्षेत्र का है। अभियोजन के अनुसार 26 जुलाई 2016 की शाम करीब छह बजे जानवर बांधने को लेकर हुए विवाद में बाबूराम पुत्र बलदेव रैदास, मनीष पुत्र बाबूराम और शांति देवी पत्नी बाबूराम ने गोकर्ण लाल उर्फ जगतपाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। हमले में गोकर्ण लाल की मौत हो गई थी। बीच-बचाव करने पहुंचे रामपाल पर भी आरोपितों ने हमला किया, जिससे वह घायल हो गए।

ये भी पढ़ें- रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, सीतापुर में दूध-पनीर के नमूने लिए गए; मचा हड़कंप

इन धाराओं में मामला दर्ज

घटना के संबंध में मिश्रिख थाने में मुकदमा अपराध संख्या 243/2016 के तहत धारा 302, 307 व 323 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से वादी, घायल गवाह, विवेचक, चिकित्सक, पोस्टमार्टमकर्ता समेत नौ गवाहों को पेश किया गया। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का परीक्षण करने के बाद तीनों आरोपितों को दोषी माना।

ये भी पढ़ें- यूपी पंचायत चुनाव पर बड़ी खबर, 22 जिलों में पिछड़ा वर्ग आयोग का आरक्षण सर्वे पूरा; अंतिम रिपोर्ट पर जानिये नया अपडेट

अदालत ने धारा 302 के तहत प्रत्येक दोषी को आजीवन कारावास व 10 हजार रुपये अर्थदंड और धारा 307 के तहत दस वर्ष के सश्रम कारावास व पांच हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड अदा न करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अदालत ने यह भी आदेश दिया कि अभियुक्तों द्वारा पूर्व में जेल में बिताई गई अवधि को नियमानुसार सजा में समायोजित किया जाएगा। न्यायालय के निर्णय के बाद तीनों दोषियों को सजा वारंट बनाकर जिला कारागार भेजे जाने की कार्रवाई की गई।

Location :  Sitapur

Published :  18 August 2026, 7:42 PM IST

Related News

Advertisement