Shivam Sharma Murder Case: दोस्तों के साथ निकला था इकलौता बेटा, नदी से शव मिलने पर खुला राज

पीलीभीत के बीसलपुर में 28 वर्षीय शिवम शर्मा दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। गुमशुदगी के बाद पुलिस ने एक दोस्त से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर नदी से शिवम का शव बरामद हुआ। दोस्तों पर हत्या का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 4 October 2026, 10:13 AM IST
google-preferred

Pilibhit: पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र में दोस्ती का एक ऐसा अंत सामने आया है, जिसने पूरे परिवार को झकझोर दिया। 28 वर्षीय शिवम शर्मा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दोस्तों के साथ घर से निकले शिवम की तलाश कई दिनों से चल रही थी। शुक्रवार को नदी से उसका शव बरामद होने के बाद मामले में नया मोड़ आया।

दोस्तों के साथ निकला था शिवम

बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी शिवम शर्मा 19 सितंबर को अपने दोस्तों रजनीश और मिथुन के साथ घूमने निकला था। बाद में बरेली के नवाबगंज क्षेत्र के खंजन्नपुर गांव निवासी हरीश भी उनके साथ शामिल हो गया।

बताया जा रहा है कि चारों ने साथ में शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस की पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

मारपीट के बाद नदी में फेंकने का आरोप

पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद शिवम के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद उसका गला घोंटकर नवाबगंज क्षेत्र में नए पुल के पास नदी में धकेल दिया गया।

उधर, शिवम के घर नहीं लौटने पर उसकी मां बिट्टो देवी ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा था। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू की और शिवम के दोस्तों से पूछताछ की।

Agra News: युवती की मौत के बाद शव नदी में फेंकने का आरोप, तहसीलकर्मी हिरासत में

दोस्त की निशानदेही पर मिला शव

पुलिस ने संदेह के आधार पर रजनीश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर एनडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया।

शुक्रवार को टीम ने नदी से शिवम का शव बरामद कर लिया। शव घर पहुंचने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे का शव देखकर मां बिट्टो देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

दो आरोपी हिरासत में, तीसरा पहले से जेल में

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे हरीश और रजनीश को हिरासत में लिया है। वहीं तीसरा आरोपी मिथुन एक अन्य पुराने मामले में वारंट के चलते पहले से जेल में बंद बताया जा रहा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर शिवम की मौत की वास्तविक वजह और घटना में प्रत्येक आरोपी की भूमिका स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Location :  Pilibhit

Published :  4 October 2026, 10:13 AM IST

Advertisement