हाथरस में घर में सोती रही महिला, चोर अलमारी से लाखों के गहने लेकर फरार

शादी समारोह में गए परिजन, घर में अकेली महिला और रात के सन्नाटे में हुई चोरी... सुबह जब अलमारी का हाल देखा तो सामने आया पूरा मामला। आखिर घर से क्या-क्या गायब हुआ?

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 22 November 2026, 1:29 PM IST
google-preferred
Hathras News: हाथरस के सासनी में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के वक्त घर में महिला अकेली सो रही थी, जबकि पति और बेटा शादी समारोह में गए हुए थे। सुबह जब महिला की नजर खुली अलमारी और बिखरे सामान पर पड़ी तो चोरी का पता चला।

शादी समारोह में गए थे पति-बेटा, घर में अकेली थी महिला

हाथरस जिले के कस्बा सासनी के मोहल्ला दाऊजी में शनिवार रात चोरी की वारदात सामने आई है। यहां चोरों ने एक मकान में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और सात हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर में रजनी लवानियां अकेली थीं। उनके पति और बेटा शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे।

रजनी ने बताया कि शनिवार रात वह घर के दूसरे कमरे में सो रही थी। इसी दौरान रात में किसी समय चोर घर में घुस आए। चोरों ने दूसरे कमरे में रखी अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे कीमती आभूषण और नकदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए।

सासनी पुलिस स्टेशन (Image: Dynamite News)

सासनी पुलिस स्टेशन (Image: Dynamite News)

सुबह साढ़े पांच बजे खुली चोरी की जानकारी

रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब रजनी की आंख खुली तो वह दूसरे कमरे में पहुंचीं। वहां अलमारी खुली पड़ी थी और सामान बिखरा हुआ था। यह देखकर उन्हें चोरी होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने घर में रखे सामान की जांच की तो कई सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली।

रजनी के मुताबिक चोर चार जोड़ी कान के आभूषण, तीन अंगूठियां, तीन जोड़ी पायल, चांदी के नौ सिक्के और सात हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। रजनी ने थाने में लिखित तहरीर भी दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर चोरी की घटना की छानबीन कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी है।

Location :  Hathras

Published :  22 November 2026, 1:29 PM IST

Advertisement