Agra News: युवती की मौत के बाद शव नदी में फेंकने का आरोप, तहसीलकर्मी हिरासत में

आगरा में लापता युवती के मामले में पुलिस ने फतेहाबाद तहसील में तैनात कर्मचारी को हिरासत में लिया है। आरोप है कि युवती की मौत के बाद शव को नदी में फेंक दिया गया। पुलिस पूछताछ के आधार पर बाह क्षेत्र में शव की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 4 October 2026, 9:11 AM IST
google-preferred

Agra News: थाना एमएम गेट क्षेत्र से लापता हुई युवती के मामले में पुलिस की जांच फतेहाबाद तहसील में तैनात एक कर्मचारी तक पहुंची है। पुलिस ने शक के आधार पर कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। उस पर युवती की हत्या कर शव को नदी में फेंकने का आरोप है। पुलिस अब शव की बरामदगी और पूरे मामले की सच्चाई पता लगाने में जुटी है।

पढ़ाई के दौरान तहसीलकर्मी से हुई दोस्ती

बाह क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती आगरा के नूरी दरवाजा इलाके में रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी गांव के रहने वाले तहसीलकर्मी से दोस्ती हो गई। वर्तमान में कर्मचारी फतेहाबाद तहसील में तैनात है।

परिजनों के मुताबिक, युवती अक्सर पढ़ाई के लिए आगरा जाने की बात कहकर घर से निकलती थी और फतेहाबाद स्थित कर्मचारी के किराए के कमरे पर भी रुकती थी। करीब पांच महीने पहले कर्मचारी की शादी हो गई। इसके बाद उसकी पत्नी को युवती से संबंधों की जानकारी हुई तो घर में विवाद शुरू हो गया। परिजनों का आरोप है कि युवती कर्मचारी पर शादी करने का दबाव बना रही थी।

कमरे पर पहुंची थी युवती, फिर बिगड़ी बात

परिजनों के अनुसार, 23 सितंबर को युवती कर्मचारी के कमरे पर पहुंची थी। आरोप है कि 29 और 30 सितंबर की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसी दौरान युवती की अचानक मौत हो गई।

बताया गया कि कर्मचारी युवती को निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोप है कि वह शव को अपनी कार में रखकर बटेश्वर क्षेत्र की ओर ले गया। वहां युवती के कपड़े और बैग फेंकने की बात भी सामने आई है।

गुमशुदगी के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

युवती के काफी समय तक घर नहीं लौटने और संपर्क नहीं होने पर उसके पिता ने थाना एमएम गेट में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने कॉल डिटेल और अन्य जानकारी के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान युवती के तहसीलकर्मी से संबंधों की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान युवती की मौत और शव को नदी में फेंके जाने की जानकारी मिलने की बात सामने आई है।

Balrampur: बीमार पति के इलाज के लिए बेची जमीन, फिर महिला के साथ हुआ ऐसा…

नदी में शव की तलाश जारी

डीसीपी पूर्वी सय्यद अली ने बताया कि युवती की गुमशुदगी थाना एमएम गेट में दर्ज थी। जांच में तहसीलकर्मी से उसके संबंधों का पता चला, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शव को बाह क्षेत्र में कहीं नदी में फेंकने की बात बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस शव की बरामदगी के प्रयास कर रही है। शव मिलने और जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Agra

Published :  4 October 2026, 9:11 AM IST

Related News

Advertisement