हिंदी
शामली में एनकाउंटर, मौके पर पुलिस(सोर्स- एक्स)
Shamli: उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कांधला क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मेहताब को ढेर कर दिया है। वहीं, बदमाशों की तरफ से की गई फायरिंग में पुलिस के एक दरोगा भी गोली लगने से घायल हो गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है।
यह पूरी घटना शामली के कांधला थाना क्षेत्र की है। शुक्रवार तड़के पुलिस को खंद्रावली पुलिस चौकी के पास बदमाशों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, पुलिस को इनपुट मिला था कि कुछ शातिर बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।
Encounter In UP: शामली में पुलिस और बदमाशों के बीच तड़तड़ाई गोलियां, 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो उन्हें मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों की इस अचानक गोलीबारी में कांधला थाने में तैनात दरोगा दीपचंद को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आत्मरक्षार्थ और जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी गोलियां चलाईं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मेहताब गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिस ने घायल दरोगा दीपचंद और बदमाश मेहताब को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मेहताब को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल दरोगा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल, एक 9 एमएम (नौ मिलीमीटर) की पिस्तौल और कई जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस इलाके में लगातार कांबिंग अभियान चला रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मारा गया बदमाश मेहताब कैराना के मोहल्ला आलकलां का निवासी था। वह एक बेहद शातिर और खूंखार अपराधी था, जिसके सिर पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। मेहताब के खिलाफ हत्या, लूट और डकैती जैसी संगीन धाराओं में कुल 34 मुकदमे दर्ज थे। उसका गिरोह न केवल उत्तर प्रदेश के शामली, बागपत, मेरठ और मुजफ्फरनगर में आतंक का पर्याय था, बल्कि हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली जैसे पड़ोसी राज्यों में भी सक्रिय था। इस पूरे गिरोह की कमान मेहताब ही संभाल रहा था।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मेहताब पिछले काफी समय से कई वारदातों में वांछित चल रहा था। बीते 1 मार्च को उसने पानीपत में तैनात एक महिला सिपाही से सोने के कुंडल लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा, आदर्श मंडी क्षेत्र में सीधे-साधे किसानों से हुई लूट की कई घटनाओं में भी उसका नाम प्रमुखता से सामने आया था। पुलिस लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई थी, जिसका अंत इस मुठभेड़ के साथ हुआ।
Location : Shamli
Published : 26 June 2026, 10:30 AM IST