हिंदी
यूपी के शामली में झिंझाना से कसेरवा जाने वाले मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दिल्ली के ओखला के जाकिर नगर का 50 हजार रुपये का इनामी रिहान मारा गया, जबकि उसका एक साथी मौके से भाग गया। पुलिस की कार्रवाई जारी, फरार बदमाश की तलाश जोरों पर है।
अस्पताल में भर्ती सिपाही, हालचाल पूछते एसपी (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Shamli: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश रिहान मारा गया। मुठभेड़ झिंझाना से कसेरवा गांव जाने वाले मार्ग पर हुई, जहां लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रिहान गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान शामली कोतवाली में तैनात सिपाही सुमित बैसला गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि झिंझाना क्षेत्र में दो बाइक सवार बदमाश लूट की नीयत से खड़े हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सिपाही सुमित बैसला को गोली लग गई, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
UP Police Encounter: शामली में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, सिपाही को भी लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दिल्ली के ओखला स्थित जाकिर नगर, गली नंबर-21 निवासी 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश रिहान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल रिहान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फरार बदमाश की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि रिहान एक कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ शामली, बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट, डकैती और स्नैचिंग समेत विभिन्न धाराओं में 90 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और अन्य मामलों से भी कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने बदमाश के पास से एक पिस्टल बेरेटा मेड इन इटली .32 बोर, एक देशी पिस्टल .32 बोर, 8 जिंदा कारतूस, 7 खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। इसके अलावा लूटा गया ओप्पो मोबाइल फोन, दो अन्य मोबाइल, दो अंगूठियां और लूटी गई नकदी भी बरामद की गई है।
एसपी ने बताया कि गुरुवार की देर शाम फतेहपुर निवासी राहुल और उसका दोस्त बाइक से शामली से फतेहपुर जा रहे थे। इसी दौरान रिहान और उसके साथी ने पिस्टल के बल पर उनसे नकदी, मोबाइल फोन और अंगूठी लूट ली थी। इस संबंध में बाबरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद लूटा गया सामान बरामद कर लिया है।
Shamli Encounter: 75 हजार का अंतरराज्यीय हिस्ट्रीशीटर मिथुन ढेर, एक पुलिसकर्मी घायल
पुलिस के अनुसार, रिहान पिछले दस वर्षों से अधिक समय से अपने गिरोह की कमान संभाल रहा था। वह कुख्यात याहिया गैंग के संपर्क में भी था और उसके साथ मिलकर शामली व आसपास के इलाकों में लगातार लूट और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहा था। नवंबर 2025 में झिंझाना क्षेत्र में एक दंपती से लूट की घटना के बाद उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।