हिंदी
महराजगंज के खुशहालनगर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार तड़के एक युवक संदिग्ध हालत में मृत पाया गया। युवक की पहचान श्याम कुमार (32) के रूप में हुई है। उसकी जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी
Maharajganj: महराजगंज जिले के खुशहालनगर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार तड़के उस वक्त सनसनी फैल गई जब रेलवे ट्रैक के पास एक युवक संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। रात के सन्नाटे में प्लेटफॉर्म के पास पड़े युवक को देखकर रेलवे कर्मचारियों के होश उड़ गए। युवक मुंह के बल ट्रैक के पास पड़ा था और हालत बेहद गंभीर थी। उसे तुरंत ट्रैक से हटाकर प्लेटफॉर्म पर लिटाया गया और परिवार को सूचना दी गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की तो युवक की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसने पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना दिया।
घटना गुरुवार 12 मार्च 2026 की तड़के करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों को सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म के पास एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि लाल रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक मुंह के बल ट्रैक के पास पड़ा हुआ था।
बताया जा रहा है कि सबसे पहले युवक को ट्रेन संख्या 55095 के गार्ड शीतल प्रसाद ने देखा। उन्होंने ट्रैक के पास एक व्यक्ति को पड़े देखा तो तुरंत सतर्क हो गए। गार्ड ने तुरंत स्थिति को समझते हुए युवक को ट्रैक से हटाकर प्लेटफॉर्म पर लिटाया और स्टेशन पर मौजूद अन्य कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई।
गैस संकट पर सख्ती, महराजगंज में SDM की ताबड़तोड़ रेड; खंगाले रिकॉर्ड
घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली लेकर गए। लेकिन वहां पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच की और युवक को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के इलाके में भी घटना की चर्चा शुरू हो गई।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान श्याम कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह घुघली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 का निवासी था और उसके पिता गणेश का पहले ही निधन हो चुका है। पुलिस के मुताबिक युवक के पास से मिले दस्तावेजों और परिजनों की पहचान के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए और पूरे मामले को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया।
जांच के दौरान पुलिस को युवक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इस नोट में युवक ने अपने जीवन से निराशा जाहिर की है। नोट में लिखा गया है कि “मैं अपने जीवन से हार गया हूं। अगर मैं कुछ भी करता हूं तो उसका जिम्मेदार मैं खुद हूं। इसमें परिवार का कोई दोष नहीं है। परिवार के सभी लोग मुझे माफ कर दें।” नोट के अंत में श्याम कुमार के हस्ताक्षर भी बताए जा रहे हैं।
महराजगंज में पुलिस वाहन और आर्टिका में भीषण टक्कर, तीन पुलिसकर्मी समेत चार घायल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर अजय कुमार राय ने बताया कि युवक रेलवे ट्रैक पर मुंह के बल पड़ा हुआ मिला था। गार्ड की सतर्कता के चलते उसे ट्रैक से हटाकर प्लेटफॉर्म पर लिटाया गया था। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया है।