रोहन राठी हत्याकांड: पुलिस खुलासे के बाद भी उठे सवाल, जनप्रतिनिधियों ने मांगी निष्पक्ष जांच

मुजफ्फरनगर के रोहन राठी हत्याकांड में पुलिस खुलासे के बाद भी परिजनों के सवाल जारी हैं। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 27 September 2026, 4:14 PM IST
google-preferred

मुजफ्फरनगर: पुरकाजी क्षेत्र के हरेटी गांव के रोहन राठी हत्याकांड में पुलिस खुलासे के बाद भी परिजनों की ओर से उठाए जा रहे सवालों को लेकर शनिवार को पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच लंबी बातचीत हुई। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, सांसद हरेंद्र मलिक समेत कई नेताओं और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने मामले से जुड़े बिंदु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन के सामने रखे।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से घटना के हर पहलू की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की और परिजनों की आपत्तियों पर गंभीरता से विचार करने को कहा।

जन्मदिन पार्टी में जाने के बाद लापता हुआ था रोहन

दरअसल, पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरेटी गांव के ग्राम प्रधान विवेक राठी के करीब 20 वर्षीय बेटे रोहन राठी का शव 24 सितंबर को गांव के जंगल में मिला था।

जानकारी के मुताबिक, रोहन बुधवार शाम दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन खेत के पास उसका शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।

पुलिस ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी का किया था दावा

मामले की जांच के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रोहन की मौत मुंह दबाने से होने की बात सामने आई।

पुलिस ने हत्याकांड के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की थीं। शुक्रवार को पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने का दावा किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी घायल हुए थे और उनकी निशानदेही पर रोहन की बाइक, मोबाइल, स्मार्ट वॉच, घटना में इस्तेमाल कार और हथियार बरामद किए गए।

परिवार के सवालों को लेकर हुई बैठक

पुलिस खुलासे के बाद भी रोहन के परिजन घटना से जुड़े कुछ बिंदुओं को लेकर संतुष्ट नहीं हैं। इसी को लेकर शनिवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, सांसद हरेंद्र मलिक, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी, सपा राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा और राकेश टिकैत के पुत्र चरण सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों के सामने परिजनों की चिंताएं रखीं और मामले की गहन जांच की मांग की।

पुलिस ने तथ्यों के आधार पर जांच जारी रखने की बात कही

इससे पहले कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार हरेटी गांव पहुंचकर रोहन के परिवार से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने परिजनों को मामले की गंभीरता से जांच कराने का भरोसा दिया था।

वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बैठक में प्रतिनिधिमंडल की बात सुनी और उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने की बात कही।

फिलहाल रोहन राठी हत्याकांड में पुलिस के खुलासे और परिजनों की आपत्तियों के बीच मामले की आगे की जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  27 September 2026, 4:14 PM IST

Related News

Advertisement