हिंदी
रामदुलारे कोरी हत्याकांड में नया मोड़!
Prayagraj: प्रयागराज में रामदुलारे कोरी हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे मामले में नए सवाल सामने आ रहे हैं। हत्या के 24 घंटे बाद भी पुलिस को मृतक के परिवार का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पत्नी कलावती, बेटे राजकुमार, सुरेंद्र, वीरेंद्र और बेटी ललिता घर से गायब हैं। उनके मोबाइल फोन लगातार बंद मिल रहे हैं, जिसके बाद पुलिस का शक और गहरा हो गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि हत्याकांड का आरोपी अखिलेश तेलियरगंज इलाके में एक बाइक मैकेनिक के रूप में काम करता था। वह एक दुकान पर बाइक रिपेयरिंग का काम करता था। जांच में यह बात सामने आई कि घटना से करीब दो दिन पहले से अखिलेश दुकान पर जाना बंद कर चुका था। इससे पुलिस को शक है कि वह पहले से किसी योजना में शामिल था या घटना के बाद फरार होने की तैयारी कर रहा था।
इस हत्याकांड में पुलिस ने बाइक से आए दूसरे आरोपी की भी पहचान कर ली है। पुलिस टीम अब दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हत्या की पूरी योजना किसने बनाई और इसमें कितने लोग शामिल थे। इसके अलावा आरोपियों के आपसी संबंधों की भी जांच की जा रही है।
रविवार को पुलिस की एक टीम रामदुलारे कोरी के घर पहुंची थी, लेकिन वहां ताला लटका मिला। घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद से ही मृतक के परिवार के सभी सदस्य अपने घरों से गायब हैं। आशंका जताई जा रही है कि परिवार शहर से बाहर चला गया है। पुलिस को यह भी शक है कि वे दिल्ली या किसी अन्य जगह पर छिपे हो सकते हैं।
प्रयागराज में आधी रात गोलियों की गूंज, गांव में दहशत… कौन रच रहा है खूनखराबे की साजिश?
जांच में सबसे बड़ी परेशानी यह सामने आ रही है कि संदिग्धों और परिवार के कई लोगों के मोबाइल फोन बंद हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के बाद किन लोगों से संपर्क किया गया था। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए मामले की गहराई तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूछताछ के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
पुलिस मृतक के दो बेटों जितेंद्र और शैलेंद्र से भी लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के बाद हत्या से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं। जांच टीम हर पहलू को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि क्या परिवार का गायब होना हत्या की घटना से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अलग वजह है।
Location : Prayagraj
Published : 15 June 2026, 1:01 PM IST