हिंदी
प्रतिकात्मक छवि (Img: Google)
Prayagraj: प्रयागराज के औद्योगिक क्षेत्र थाना इलाके के गोती गांव में बृहस्पतिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पूर्व प्रधान के बेटे को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग सहम गए।
जानकारी के अनुसार, पूर्व प्रधान विनोद सिंह का 20 वर्षीय पुत्र कुश सिंह सुबह किसी काम से घर से बाहर निकला था। वह गांव के बाहर स्थित एक बगिया में गया था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन तुरंत घायल कुश को इलाज के लिए स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने भूमि विवाद को हत्या का संभावित कारण बताया है। हालांकि अभी तक हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले गहराई से छानबीन जरूरी है।
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। गांव के आसपास और रास्तों में लगे कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच में एसओजी टीम को भी लगाया गया है।
मुजफ्फरनगर में पुलिस और डीजल चोरों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश ढेर
इस सनसनीखेज वारदात के बाद गोती गांव में तनाव का माहौल है। लोग डरे हुए हैं और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोग इसे जमीन विवाद से जुड़ी बड़ी साजिश मान रहे हैं, जबकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
Location : Prayagraj
Published : 11 June 2026, 4:46 PM IST