बारिश का पानी बना मौत का जाल… हाईवे पिलर के गड्ढे में डूबे दो मासूम, जिम्मेदार कौन?

मिर्जापुर में बारिश का पानी दो मासूम चचेरे भाइयों के लिए काल बन गया। निर्माणाधीन हाईवे के पिलर के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में पानी भरा था, जिसमें 6 और 7 साल के दो बच्चे डूब गए। देर शाम हुए इस हादसे के बाद गांव में मातम छा गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 August 2026, 7:20 PM IST
google-preferred

Mirzapur: मिर्जापुर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। चील्ह थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव में निर्माणाधीन हाईवे के पिलर के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे चचेरे भाई थे और उनकी उम्र महज 6 और 7 साल बताई जा रही है।

पिलर बनाने के लिए खोदा गया था गड्ढा

जानकारी के अनुसार, हाईवे निर्माण के दौरान पुलिया पर पिलर बनाने के लिए बड़ा गड्ढा खोदा गया था। लगातार हो रही बारिश के कारण गड्ढे में काफी पानी भर गया था। बताया जा रहा है कि देर शाम खेलते या आसपास जाते समय दोनों बच्चे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। गहराई अधिक होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।

ये भी पढ़ें- बरेली में मौत का तांडव! बड़े बाईपास पर आमने-सामने भिड़े दो ट्रक, दो की मौत, एक का पैर कटा, कई घायल

हादसे में दो मासूमों ने गंवाई जान

हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान 7 वर्षीय किशन और 6 वर्षीय सत्यम के रूप में हुई है। दोनों एक ही परिवार के चचेरे भाई थे। बच्चों के डूबने की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर चील्ह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मासूम बच्चों की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें- चोरी की स्प्लेंडर पर शान से घूम रहा था अरमान, देवरिया पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने सिखाया सबक

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि बारिश का पानी भरने के कारण गड्ढे की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया था। अब यह भी सवाल उठ रहा है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और पानी से भरे गहरे गड्ढे को सुरक्षित करने के लिए कोई घेराबंदी की गई थी या नहीं।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mirzapur

Published :  5 August 2026, 7:20 PM IST

Related News

Advertisement