साइबर अपराधियों ने पूर्व CBI जज को बनाया निशाना, अलग-अलग तारीखों में खाते से उड़ाई रकम

गाजियाबाद में सेवानिवृत्त सीबीआई जज बृजेश कुमार पांडेय का डेबिट कार्ड चोरी कर साइबर अपराधियों ने 10 बार में 75,054 रुपये निकाल लिए। बैंक स्टेटमेंट से धोखाधड़ी का पता चला।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 10 November 2026, 10:14 AM IST
google-preferred

गाजियाबाद: साइबर अपराधियों ने गाजियाबाद में रहने वाले एक सेवानिवृत्त सीबीआई जज को निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते से 75,054 रुपये निकाल लिए। आरोप है कि जालसाजों ने उनका डेबिट कार्ड चोरी कर अलग-अलग तारीखों में 10 बार में रकम निकाली। पीड़ित को बैंक स्टेटमेंट देखने पर खाते से रुपये निकाले जाने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने बैंक में शिकायत दर्ज कराकर एटीएम कार्ड बंद कराया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। मामले में वेव सिटी थाने में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी और चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रतापगढ़ के ATM से रुपये निकालने के बाद गायब हुआ कार्ड

पुलिस के मुताबिक, जयपुरिया सनराइज ग्रीन निवासी बृजेश कुमार पांडेय सेवानिवृत्त सीबीआई जज हैं। वह वर्तमान में गाजियाबाद के वेव सिटी क्षेत्र के शाहपुर बम्हैटा स्थित जयपुरिया सनराइज ग्रीन में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 अक्टूबर को उन्होंने प्रतापगढ़ के रानीगंज क्षेत्र में एसबीआई के एटीएम से 10 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद उन्होंने अपने डेबिट कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया।

आरोप है कि इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका एटीएम कार्ड चोरी कर लिया। इसके बाद आरोपितों ने अलग-अलग तारीखों में उनके बैंक खाते से रुपये निकालने शुरू कर दिए। पीड़ित को शुरुआत में इसकी जानकारी नहीं हुई और उन्हें बैंक खाते का विवरण देखने पर धोखाधड़ी का पता चला।

तीन तारीखों में 10 बार निकाले गए 75 हजार रुपये

शिकायत के अनुसार, 27 अक्टूबर को तीन अलग-अलग लेनदेन में उनके खाते से 30 हजार रुपये निकाले गए। इसके बाद 29 अक्टूबर को दो बार में 20,054 रुपये निकाले गए। वहीं, चार नवंबर को पांच अलग-अलग लेनदेन के जरिए 25 हजार रुपये निकाल लिए गए।

इस तरह आरोपितों ने कुल 10 बार में उनके बैंक खाते से 75,054 रुपये निकाल लिए। लगातार हुए इन लेनदेन की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने अपने स्तर से बैंक खाते की जांच की और संबंधित बैंक को शिकायत दी।

बैंक ने बंद किया डेबिट कार्ड, पुलिस ने दर्ज किया केस

बृजेश कुमार पांडेय के मुताबिक, पांच नवंबर को जरूरत पड़ने पर जब उन्होंने अपना एटीएम कार्ड तलाश किया तो वह नहीं मिला। इसके बाद बैंक स्टेटमेंट देखने पर उन्हें खाते से रुपये निकाले जाने की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल बैंक में शिकायत दर्ज कराई और संदिग्ध लेनदेन रुकवाने के साथ अपना डेबिट कार्ड स्थायी रूप से बंद करा दिया।

इसके बाद उन्होंने वेव सिटी थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, घटनास्थल प्रतापगढ़ के रानीगंज क्षेत्र का होने के कारण मामले को संबंधित क्षेत्र में ट्रांसफर कर दिया गया है।

Location :  Ghaziabad

Published :  10 November 2026, 10:14 AM IST

Advertisement