Mirzapur Road Accident: ट्रक आया, साइकिल को कुचला और आगे बढ़ गया, छात्र समेत दो की मौत के बाद हाईवे जाम

मीरजापुर के बामी गांव में वाराणसी-रीवा हाईवे पर अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवार 12 वर्षीय छात्र प्रियांशु और 55 वर्षीय शिवनाथ को कुचल दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। अधिकारियों के समझाने पर करीब एक घंटे बाद जाम खुला।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 September 2026, 11:20 AM IST
google-preferred

मिर्जापुर: लालगंज थाना क्षेत्र के बामी गांव में सोमवार सुबह वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवार 12 वर्षीय छात्र प्रियांशु और 55 वर्षीय शिवनाथ को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को करीब 200 मीटर आगे खड़ा कर फरार हो गया। दो मौतों से गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।

शौच के लिए निकले थे दोनों

लहंगपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के बामी गांव निवासी प्रियांशु और शिवनाथ सोमवार सुबह तुलसी नाला की तरफ शौच के लिए गए थे। शौच के बाद दोनों साइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क की पटरी पर चढ़ गया।

ट्रक ने साइकिल सवार दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में प्रियांशु और शिवनाथ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के शोर मचाने पर चालक ने घटनास्थल से करीब 200 मीटर आगे कर्बला के सामने ट्रक खड़ा किया और मौके से भाग निकला।

हादसे के बाद हाईवे पर मचा हंगामा

घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेने की कोशिश की। इसी दौरान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।

जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। सूचना पर लालगंज एसडीएम अजीत कुमार, सीओ अमर बहादुर, तहसीलदार विशाल शर्मा और इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिया। करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।

बांग्लादेश से आती थी हिल्सा, अब भारत से जा रही 500 टन; आखिर क्यों बदला कारोबार?

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम

परिजनों के मुताबिक, 12 वर्षीय प्रियांशु अपने पिता बालमुकुंद का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। वह रिश्ते में अपने बाबा लगने वाले शिवनाथ के साथ साइकिल से शौच के लिए गया था। वापस लौटते समय दोनों हादसे का शिकार हो गए।

वहीं, शिवनाथ की दो बेटियां रेखा और करिश्मा हैं। दोनों की उम्र क्रमश: 20 और 18 वर्ष बताई गई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

Location :  Mirzapur

Published :  14 September 2026, 11:20 AM IST

Advertisement