हिंदी
सुरक्षा गार्ड की मौत पर भड़के परिजन (Img: Freepik)
Mahoba: महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में स्थित एक सौर ऊर्जा प्लांट में कार्यरत सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। रात में ड्यूटी पर गए युवक का शव अगले दिन सुबह प्लांट परिसर के पास मिलने के बाद पुलिस और परिजनों में खलबली मच गई। घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं परिवार ने इसे सोची-समझी हत्या बताया है।
जानकारी के अनुसार, चरखारी कोतवाली क्षेत्र के सूपा गांव निवासी 25 साल का दिनेश राजपूत सौर ऊर्जा परियोजना में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। मंगलवार शाम वह रोजाना की तरह खाना लेकर अपनी ड्यूटी पर पहुंचा था। सुबह जब उसकी मौत की खबर उसके घरवालों तक पहुंची तो पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। शव की स्थिति देखकर परिजनों ने कई गंभीर सवाल उठाए। परिवार का दावा है कि युवक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान थे। इसके अलावा एक पैर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर भी नजर आ रहा था। इन हालातों को देखकर यह मामला आपराधिक लग रहा है।
मृतक के पिता का आरोप है कि उनके बेटे की अज्ञात लोगों ने बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हुई। उनका कहना है कि शरीर पर मौजूद चोटें किसी सामान्य दुर्घटना की ओर इशारा नहीं करतीं। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
Location : Mahoba
Published : 17 June 2026, 3:54 PM IST
Topics : crime news Death news Mahoba UP Police