BBD यूनिवर्सिटी में मेस के खाने को लेकर आधी रात ऐसा क्या हुआ, मचा बवाल; जानिये अब तक का पूरा अपडटे

लखनऊ की BBD University में मेस के खराब खाने को लेकर छात्रों ने आधी रात हंगामा किया। आरोप है कि शिकायत पर वार्डन ने अभद्रता और मारपीट की। आक्रोशित छात्रों ने लखनऊ-अयोध्या हाईवे जाम करने की कोशिश की। पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 16 May 2026, 8:36 AM IST
google-preferred

Lucknow: लखनऊ की BBD University में शुक्रवार देर रात मेस के खाने की गुणवत्ता को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बीटेक और बीसीए के छात्रों ने खराब भोजन पर विरोध जताया  जो देखते ही देखते बड़े हंगामे में बदल गया। मामला इतना बढ़ गया कि छात्र हॉस्टल से बाहर निकल आए और लखनऊ-अयोध्या हाईवे जाम करने की कोशिश की।

कब और कहां शुरू हुआ विवाद

पूरा विवाद यूनिवर्सिटी के सीएमडी ब्लॉक हॉस्टल में शुक्रवार रात शुरू हुआ। छात्रों का आरोप है कि मेस में परोसा गया खाना खराब और अस्वच्छ था। कई दिनों से भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार रात जब छात्रों ने फिर विरोध किया, तो मामला उग्र हो गया।

छात्रों ने लगाए वार्डन पर मारपीट के आरोप

छात्रों के मुताबिक, शिकायत लेकर पहुंचे छात्रों से ब्लॉक हेड शुभम प्रताप सिंह ने कथित तौर पर कहा कि “यही खाना खाना पड़ेगा।” आरोप है कि विरोध करने पर छात्रों के साथ अभद्रता की गई और हाथापाई भी हुई। वार्डन पर मारपीट के आरोप लगने के बाद छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया।

बाहर से खाना मंगाने की बात पर बढ़ा विवाद

छात्रों ने कहा कि वे खराब खाना खाने के बजाय बाहर से सब्जी और भोजन मंगाकर खा लेंगे। इसी बात को लेकर बहस और बढ़ गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल से बाहर निकल आए और नारेबाजी शुरू कर दी। आधी रात परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

हाईवे जाम करने पहुंचे छात्र

आक्रोशित छात्र यूनिवर्सिटी परिसर से निकलकर लखनऊ-अयोध्या हाईवे की ओर बढ़े और सड़क जाम करने की कोशिश की। करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन मौके पर पहुंचा और छात्रों को समझाने का प्रयास किया।

Gorakhpur University में 1192 पेड़ों की कटाई पर बवाल, NSUI के प्रदेश महासचिव ने उठाया मुद्दा

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मामला

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने छात्रों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद रात करीब 12:30 बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ। Ram Singh ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन की तरफ से भी इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी उठ चुके हैं सवाल

छात्रों का कहना है कि हॉस्टल मेस के खाने को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं। बावजूद इसके व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और यूनिवर्सिटी प्रशासन से भी रिपोर्ट मांगी जा सकती है।

Location :  Lucknow

Published :  16 May 2026, 8:36 AM IST

Advertisement