रिमझिम बारिश की रात बंद मकान पर चोरों का धावा, ताला तोड़कर लाखों के गहने पार; CCTV में दिखे 2 संदिग्ध

बलिया के रामदहिनपुरम कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। मकान मालकिन अपनी बीमार बहन को देखने वाराणसी गई थीं। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। CCTV फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 25 September 2026, 6:57 PM IST
google-preferred

Ballia: घर में ताला लगाकर कुछ घंटों के लिए बाहर जाना एक परिवार को भारी पड़ गया। बलिया में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना कोतवाली क्षेत्र की रामदहिनपुरम कॉलोनी की है, जहां गुरुवार देर रात चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे और आलमारी व अटैची खंगालकर जेवरात लेकर फरार हो गए। खास बात यह है कि वारदात के दौरान इलाके में रिमझिम बारिश हो रही थी।

बीमार बहन को देखने वाराणसी गई थीं महिला

मूलरूप से दूबौली गांव निवासी सुनील दूबे का रामदहिनपुरम कॉलोनी में मकान है। सुनील झारखंड में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी मधु दूबे बलिया स्थित मकान में रहती हैं। बताया गया कि गुरुवार शाम मधु दूबे अपने घर में ताला लगाकर अपनी बीमार बहन को देखने के लिए वाराणसी चली गई थीं। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके पीछे घर पर चोरों की नजर पड़ जाएगी।

बारिश के बीच मुख्य गेट का ताला तोड़ा

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात इलाके में रिमझिम बारिश हो रही थी। इसी दौरान चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर मकान के अंदर दाखिल हुए। घर में घुसने के बाद चोरों ने सबसे पहले सामान की तलाश शुरू की। उन्होंने घर में रखी दो आलमारियों और एक अटैची को निशाना बनाया। चोरों ने आलमारी का लॉक तोड़ दिया और उसके अंदर रखा सामान बाहर निकालकर खंगालना शुरू कर दिया।

‘हे ईश्वर! मेरा लाल लौटा दो’, बिलखती मां की पुकार और बलिया पुलिस का खाकी धर्म; 24 घंटे में सीने से लिपटा कलेजे का टुकड़ा

हार से लेकर अंगूठी और करधनी तक ले गए

परिजनों के मुताबिक, चोर घर से सोने-चांदी के कई आभूषण लेकर फरार हुए हैं। चोरी हुए सामान में सोने का हार, दो चेन, चार अंगूठियां, कंगन, दो जोड़ी झुमके और करधनी समेत अन्य सोने-चांदी के आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं। चोरी किए गए आभूषणों की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान कितना हुआ है, इसका पूरा आकलन पुलिस जांच और परिवार की ओर से दी जाने वाली जानकारी के बाद स्पष्ट होगा।

पड़ोसियों ने दी ताला टूटने की जानकारी

घर में चोरी की जानकारी मधु दूबे को उस समय हुई, जब पड़ोसियों ने उन्हें मकान का ताला टूटे होने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद वह वाराणसी से वापस बलिया पहुंचीं। घर के अंदर दाखिल होने पर उन्होंने देखा कि सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है और आलमारियों के ताले टूटे हुए हैं। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

एक जमीन, दो दावे और सुलगता तनाव: बलिया के इस मंदिर-कब्रिस्तान विवाद में पुलिस के पहुंचते ही टला बड़ा हादसा

CCTV फुटेज में दिखे दो संदिग्ध

चोरी की इस वारदात में आसपास लगे CCTV कैमरे पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकते हैं। पुलिस ने इलाके में लगे कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में रात के समय दो संदिग्ध युवक दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस अब उनकी गतिविधियों और आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संदिग्धों ने वारदात से पहले मकान की रेकी की थी या उन्हें परिवार के बाहर जाने की जानकारी पहले से थी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। वहीं, परिवार चोरी हुए आभूषणों की पूरी जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने में जुटा है।

Location :  Ballia

Published :  25 September 2026, 6:57 PM IST

Related News

Advertisement