Jharkhand: व्हाट्सएप कॉल से दस लाख की रंगदारी मांगने वाला शातिर अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे, जानें पूरा मामला

चतरा में व्हाट्सएप कॉल के जरिए कोचिंग संचालक से 10 लाख की रंगदारी मांगने वाले शातिर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। टेक्निकल जांच के आधार पर आरोपी को रंगदारी लेते समय पकड़ा गया। उसके पास से कार और मोबाइल भी बरामद हुए हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Updated : 24 April 2026, 8:41 AM IST
google-preferred

Ranchi: झारखंड के चतरा जिले में रंगदारी के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्हाट्सएप कॉल के जरिए एक कोचिंग संचालक से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था।

शिकायत के बाद पुलिस हुई सक्रिय

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी मुख्यालय अमिता लकड़ा ने बताया कि पीड़ित कोचिंग संचालक के लिखित आवेदन के आधार पर गिद्धौर थाना में मामला दर्ज किया गया। शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।

Jharkhand News: चतरा में ड्रग तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, आइए जानते है कितने का माल हुआ बरामद

टेक्निकल टीम की मदद से गिरफ्तारी

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। इसके आधार पर मुख्य आरोपी रोहित उरांव उर्फ अभिषेक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय आरोपी रंगदारी की रकम प्राप्त करने की कोशिश में लगा हुआ था, तभी उसे धर दबोचा गया।

जंगल से कार और मोबाइल बरामद

कार्रवाई के दौरान गिद्धौर थाना क्षेत्र के चिरैयांटांड जंगल से पुलिस ने आरोपी की स्विफ्ट डिजायर कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल अपराध को अंजाम देने में किया जा रहा था।

लंबा आपराधिक इतिहास आया सामने

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। वह मूल रूप से पिपरवार थाना क्षेत्र के झुलनडीहा गांव का निवासी है, जबकि वर्तमान में रांची के धुर्वा स्थित अशोक विहार कॉलोनी में रह रहा था। उसके खिलाफ पिपरवार और टंडवा थानों में मारपीट, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत 10 से अधिक गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

Jharkhand: सरायकेला में प्लेसमेंट फैकल्टी इंचार्ज के तबादले का छात्रों ने किया विरोध

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

डीएसपी अमिता लकड़ा ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर लिया जाएगा।

Location :  Ranchi

Published :  24 April 2026, 8:41 AM IST

Advertisement