हिंदी
निजी जमीन पर इंटरलॉकिंग को लेकर विवाद (Img: Dynamite News)
Hathras: नगर पंचायत सासनी के मोहल्ला पल्टन में कराए जा रहे इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मोहल्ला निवासी रेशम सिंह और दलवीर सिंह ने नगर पंचायत अधिकारियों पर उनकी कथित निजी भूमि पर जबरन सड़क निर्माण कराए जाने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, भूमि संबंधी मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद मंगलवार सुबह ठेकेदार निर्माण कार्य कराने मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ग्राम जरैया गदाखेड़ा के खाता संख्या 52 और खसरा संख्या 214/1 में दर्ज भूमि उनकी निजी संपत्ति है। उनका कहना है कि भूमि ग्राम पंचायत क्षेत्र में आती है, इसके बावजूद नगर पंचायत की कथित सहमति से वहां इंटरलॉकिंग कार्य कराया जा रहा है।
रेशम सिंह और दलवीर सिंह के मुताबिक, उन्होंने 28 जुलाई को एसडीएम सासनी से मामले की शिकायत की थी। इसके बाद संपूर्ण समाधान दिवस में खतौनी और नक्शे समेत प्रार्थना पत्र देकर निर्माण रुकवाने और जांच कराने की मांग की गई। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि अधिकारियों से शिकायत के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुका।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बिना वैधानिक बंटवारे के मुकेश और दिनेश द्वारा नगर पंचायत अधिकारियों से कथित मिलीभगत कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। शिकायतकर्ताओं ने राजस्व अभिलेखों और भूमि के क्षेत्राधिकार की अनदेखी किए जाने का भी आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें- शक के नाम पर सरेआम सजा! खंभे से बांधा, कपड़े उतारकर पीटा; पीलीभीत में हंगामे का वीडियो वायरल
मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण शिकायतकर्ताओं ने विवादित भूमि पर न्यायालय के निर्णय तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य रोकने की मांग की है। फिलहाल पूरे मामले में नगर पंचायत और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है। निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय स्तर पर विवाद की स्थिति बनी हुई है।
Location : Hathras
Published : 16 September 2026, 11:15 AM IST