18 का प्रेमी 30 की प्रेमिका…समाज बना दुश्मन तो बना उठाया दिल को झकझोर देने वाला कदम

हरदोई में एक युवक और शादीशुदा महिला के शव अलग-अलग पेड़ों से लटके मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच संबंध थे और परिवार के विरोध के बाद मामला गंभीर हो गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 31 July 2026, 7:53 PM IST
google-preferred

Hardoi: हरदोई जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक और शादीशुदा महिला के शव अलग-अलग पेड़ों से लटके मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और परिवार की नाराजगी के बाद दोनों ने यह कदम उठाया। घटना के बाद गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

घरवालों के विरोध के बाद दोनों ने छोड़ा घर

पूरा मामला हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र के हैदराबाद मजरा उमरौली जैतपुर गांव का है। ग्रामीणों के अनुसार 18 वर्षीय ज्ञानेश्वर और 30 वर्षीय सरोजनी के बीच काफी समय से संबंध थे। शुक्रवार को महिला के परिजनों ने युवक के घर पहुंचकर इस रिश्ते का विरोध किया था और शिकायत भी की थी।

बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों रात में अपने-अपने घरों से निकल गए। परिजनों को इसकी जानकारी होने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला।

ये भी पढ़ें- चार साल तक पुलिस को चकमा देता रहा इनामी, आखिर UP STF ने जबलपुर में बिछाया ऐसा जाल कि बच नहीं सका

सुबह पेड़ों से लटके मिले दोनों के शव

अगली सुबह गांव से कुछ दूरी पर दोनों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार युवक का शव कुसुमखोर पुल के पास जामुन के पेड़ से लटका मिला, जबकि महिला का शव करीब 500 मीटर दूर गूलर के पेड़ से बरामद हुआ। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाया और जांच शुरू की। घटना स्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की गई।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही अरवल थाना पुलिस और हरपालपुर सीओ प्रवीण यादव की टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- गोरखपुर में एसएसपी का बड़ा एक्शन, कोतवाली इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, महिला चौकी प्रभारी निलंबित

गांव में पसरा सन्नाटा

इस घटना के बाद उमरौली जैतपुर गांव में माहौल गमगीन है। अचानक हुई इस घटना ने ग्रामीणों को झकझोर दिया है। लोग घटना के पीछे की परिस्थितियों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।

Location :  Hardoi

Published :  31 July 2026, 7:53 PM IST

Advertisement