हिंदी
50 हजार का इनामी था फरमूद अहमद (IMG: Dynamite News)
Auraiya: करीब चार साल से पुलिस और STF की आंखों में धूल झोंक रहा 50 हजार का इनामी आरोपी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया। उत्तर प्रदेश STF ने एक सटीक खुफिया सूचना के आधार पर मध्य प्रदेश के जबलपुर में दबिश देकर उस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी तलाश कई वर्षों से की जा रही थी। आरोपी पर गोवंश तस्करी, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। STF की इस कार्रवाई को प्रदेश में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
STF की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरमूद अहमद के रूप में हुई है। वह प्रयागराज जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ औरैया जिले के ऐरवा कटरा थाने में दर्ज मुकदमे में 50 हजार का इनाम घोषित था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।
SSC Exam Scam: यूपी STF ने वांछित आरोपी को दबोचा, घर से बरामद हुआ हाईटेक नकल का पूरा सिस्टम
STF को लगातार सूचना मिल रही थी कि इनामी आरोपी मध्य प्रदेश में छिपकर रह रहा है। इसके बाद प्रयागराज STF फील्ड यूनिट की टीम को सक्रिय किया गया। पुलिस उपाधीक्षक के निर्देशन में टीम ने जबलपुर में गोपनीय तरीके से सूचना जुटाई। 31 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित अशोक लेलैंड सेंटर गेट के पास मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही STF ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कंटेनर चलाने का काम करता था। 26 मार्च 2022 को वह एक कंटेनर में 23 गोवंश लेकर औरैया की ओर जा रहा था। इसी दौरान ऐरवा कटरा थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के समय उसे रोकने की कोशिश की गई। पुलिस के अनुसार चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने का प्रयास किया। कुछ दूरी पर कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था।
STF की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि घटना के बाद वह उत्तर प्रदेश छोड़कर आंध्र प्रदेश चला गया था। वहां वह ट्रक चलाने का काम करने लगा। बाद में टमाटर की खेप लेकर जबलपुर पहुंचा था, जहां STF ने उसे दबोच लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि फरमूद अहमद कोई पहली बार कानून के शिकंजे में नहीं आया है। उसके खिलाफ वाराणसी, भदोही, फतेहपुर समेत कई जिलों में गोवंश तस्करी और अन्य मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। STF के अनुसार आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुका है, जिससे उसके आपराधिक इतिहास का पता चलता है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मध्य प्रदेश की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी की गई है। अब उसे उत्तर प्रदेश लाकर औरैया पुलिस के हवाले किया जाएगा, जहां दर्ज मुकदमे में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Auraiya
Published : 31 July 2026, 7:18 PM IST