Ghazipur Encounter: संदिग्ध DCM रोकने पर पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में गोतस्कर घायल, पंजाब के दो आरोपी गिरफ्तार

गाजीपुर में रात के अंधेरे में एक संदिग्ध डीसीएम को रोकने की कोशिश ने अचानक मुठभेड़ का रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, वाहन में गोवंश लदे थे और रोकने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 28 September 2026, 12:10 PM IST
google-preferred

Ghazipur: उत्तर प्रदेश के जिले गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र में पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। संदिग्ध डीसीएम को रोकने पर तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने पंजाब के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 गोवंश और हथियार बरामद किए हैं।

संदिग्ध डीसीएम को रोकने पर हुई फायरिंग

गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात पुलिस और कथित गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने पंजाब के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी परमजीत सिंह के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए गाजीपुर के सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं, उसके साथी गुरपंत सिंह को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया।

ये भी पढ़ें: Ghazipur Crime: स्वतंत्रता दिवस पर फोटो खींचने निकला था युवक, अचानक हुई फायरिंग; फिर हुआ बड़ा हादसा

बिहार ले जाए जा रहे थे 10 गोवंश

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पंजाब नंबर की एक डीसीएम बरामद हुई है। वाहन में 10 गोवंश लदे हुए थे। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे पंजाब से गोवंश को डीसीएम में भरकर बिहार ले जा रहे थे। पुलिस ने वाहन और गोवंश को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी

सीओ कासिमाबाद अनुभव राजर्षि के मुताबिक, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार रात नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अटवा मोड़ चौकी प्रभारी को एक संदिग्ध डीसीएम के बारे में सूचना मिली। बताया गया कि वाहन गाजीपुर घाट की तरफ से मुहम्मदाबाद होते हुए बिहार की ओर जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस ने संदिग्ध डीसीएम को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस का दावा- आरोपियों ने की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, डीसीएम को रोकने पर उसमें सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसी दौरान परमजीत सिंह के बाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं, मौके पर मौजूद दूसरे आरोपी गुरपंत सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

तमंचा और कारतूस भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा पंजाब नंबर की डीसीएम और उसमें लदे 10 गोवंश भी पुलिस के कब्जे में लिए गए हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें: Ghazipur: गाजीपुर में बड़ा एक्शन, 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे दबोचा

पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोवंश को कहां से लाया गया था और बिहार में इसे कहां ले जाया जा रहा था। फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है, जबकि दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Ghazipur

Published :  28 September 2026, 12:10 PM IST

Advertisement