हिंदी
पुलिस ने जब्त की नशे की खेप
Chatra: चतरा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। ऐसे में अभियान के दौरान पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। सदर थाना क्षेत्र के पाराडीह जंगल में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 522 ग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बरामद अफीम की अनुमानित बाजार कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है। एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पाराडीह जंगल में विशेष अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर उनके पास से 522 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के हेडुम गांव निवासी रुपेश कुमार व इटखोरी के परसौनी निवासी दीपांशु कुमार के रूप में हुई है।
एसडीपीओ नें बताया कि पुलिस दोनों से पूछताछ कर अफीम तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों के मोबाइल फोन और चैट की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अफीम कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी। मामले के फ्रंट और बैक लिंकेज की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह सप्लायर हो, बिचौलिया हो या नेटवर्क का सरगना, पुलिस सभी तक पहुंचेगी। गिरफ्तार तस्करों के मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह की पहचान की जा रही है। जिले में अफीम, ब्राउन शुगर, डोडा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार को जड़ से खत्म करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होंगी तथा अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। छापेमारी दल में सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह, एनडीपीएस थाना प्रभारी शम्मी अंसारी, व एएसआई जयप्रकाश सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
Location : Jharkhand
Published : 2 June 2026, 6:16 PM IST
Topics : Chatra crime news Drug Sieze Jharkhand Police Action