हिंदी
दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद हडकंप (sOURCE: X)
New Delhi: राजधानी दिल्ली में आज सोमवार, 5 अक्टूबर की सुबह कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी भरे ई-मेल सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
धमकी पाने वाले स्कूलों में वसंत विहार स्थित चिन्मय विद्यालय, सरदार पटेल विद्यालय, पश्चिम विहार का जीडी गोयनका स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) आरके पुरम जैसे प्रमुख संस्थान शामिल हैं। एक साथ कई स्कूलों को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब लुटियंस दिल्ली में विभिन्न समूहों के विरोध प्रदर्शन भी जारी हैं। हालांकि, धमकी भरे ई-मेल और इन प्रदर्शनों के बीच किसी संबंध की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंचीं। बम निरोधक दस्ता (BDS), स्निफर डॉग्स और दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की टीमों को भी जांच में लगाया गया। सुरक्षा के लिहाज से स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और बच्चों तथा स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
इसके बाद सुरक्षा टीमों ने स्कूल भवनों, कक्षाओं, परिसर और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की। शुरुआती जांच में किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही हैं।
स्कूल प्रशासन की ओर से भी अभिभावकों और कर्मचारियों को स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। सुरक्षा जांच पूरी होने तक एहतियाती कदम उठाए गए।
पुलिस और साइबर सेल की टीमें अब धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। जांच एजेंसियां डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ई-मेल किस जगह से भेजे गए और इसके पीछे कौन है।
एक साथ कई स्कूलों को धमकी भेजे जाने के कारण जांच एजेंसियां ई-मेल के पैटर्न और तकनीकी विवरणों का भी विश्लेषण कर रही हैं। फिलहाल किसी संदिग्ध व्यक्ति या संगठन की भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियां जांच पूरी होने तक स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
Location : New delhi
Published : 5 October 2026, 4:03 PM IST