कैब बनी ‘कसाईखाना’… कई दिनों से मासूम पर थी ‘हैवान’ की नजर; पढ़ें महरौली फुटपाथ से गुरुग्राम की झाड़ियों तक की पूरी कहानी

महरौली में कैब ड्राइवर ने मासूम का अपहरण कर दो बार दुष्कर्म किया और फिर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली वारदात में खुलासा हुआ है कि नशेड़ी आरोपी कई दिनों से बच्ची पर नजर गड़ाए था। पुलिस ने 300 सीसीटीवी कैमरों और लाइव लोकेशन से उसे दबोचा और फिर...

Updated : 24 June 2026, 12:28 PM IST
google-preferred

New Delhi: दिल्ली का पॉश इलाका महरौली और तारीख- रविवार की वो काली रात। फुटपाथ पर अपने परिवार के साथ सो रही एक मासूम बच्ची को क्या पता था कि अंधेरे का फायदा उठाकर एक 'हैवान' उसकी जान लेने के लिए घात लगाए बैठा है। यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं थी, बल्कि एक सोची-समझी खौफनाक साजिश थी। एक कैब ड्राइवर ने मासूम का अपहरण किया, चलती गाड़ी में दो बार दुष्कर्म किया, बेरहमी से पीटा और अंत में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली वारदात की पूरी कहानी बेहद चौंकाने वाली है।

कई दिनों से शिकार की तलाश में था 'हैवान' बबलू

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी बबलू की कुंडली खंगालने पर पता चला कि उसकी गंदी नजर कई दिनों से उस मासूम बच्ची पर थी। वह बच्ची को पहले से जानता था और उसे अक्सर इलाके में गुब्बारे बेचते हुए देखता था। तभी से उसकी नीयत खराब हो चुकी थी। वारदात वाली रविवार की रात को भी वह सफेद रंग की कैब लेकर पीड़ित परिवार के आसपास कई बार चक्कर लगाता हुआ देखा गया था। फुटपाथ पर सो रहे बच्ची के पिता ने इसे सवारी की तलाश समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन उन्हें क्या पता था कि वह कैब ड्राइवर उनकी दुनिया उजाड़ने के लिए चक्कर काट रहा था। सुबह जब बच्ची गायब मिली, तब जाकर इस भयानक सच का अहसास हुआ।

Crime in Delhi: दिल्ली के 5 स्टार होटल में महिला से दुष्कर्म

नशे में धुत था आरोपी, विरोध करने पर मासूम को बेरहमी से पीटा

पकड़ा गया आरोपी बबलू मूल रूप से बिहार के खगड़िया का रहने वाला है। वह कोई आम अपराधी नहीं है, बल्कि उस पर बिहार में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह स्मैक और गांजे जैसे खतरनाक मादक पदार्थों के सेवन का आदी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिस वक्त उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया, उस समय भी वह पूरी तरह से नशे की हालत में था। जब उसने सीडीआर चौक के पास से सोती हुई बच्ची का अपहरण किया और गाड़ी में उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की, तो मासूम ने रोना-चिल्लाना और विरोध करना शुरू कर दिया। इस पर आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट की।

पुलिस नाकेबंदी से डरा, तो गुरुग्राम ले जाकर दोबारा किया दुष्कर्म और मर्डर

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कई घंटों तक लहूलुहान बच्ची को बंधक बनाकर दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर घूमता रहा। वह दिल्ली वापस लौट ही रहा था कि रास्ते में उसे पुलिस की मुस्तैदी और नाकेबंदी दिखाई दी। पकड़े जाने के डर से वह बुरी तरह घबरा गया। उसने गाड़ी को वापस गुरुग्राम की तरफ मोड़ लिया। वहां सुशांत लोक इलाके में एक सुनसान जगह देखकर उसने मासूम के साथ दोबारा दुष्कर्म किया और फिर उसकी गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। शव को खुशबू चौक के पास झाड़ियों में फेंक दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि इस कत्ल के तुरंत बाद आरोपी बिल्कुल सामान्य हो गया और ऑनलाइन ऐप के जरिए सवारी बुक कर उन्हें छोड़ने निकल गया।

300 सीसीटीवी फुटेज और लाइव लोकेशन से दबोचा गया कातिल

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस एक्शन में आई। महरौली से एमजी रोड तक के रास्ते में लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के जरिए उस सफेद कैब का रजिस्ट्रेशन नंबर पुलिस के हाथ लगा और ड्राइवर की पहचान बबलू के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने कैब ऐप कंपनी से संपर्क कर आरोपी की लाइव लोकेशन हासिल की। सुबह करीब 11:15 बजे पुलिस ने विकासपुरी इलाके में घेराबंदी करके आरोपी को दबोच लिया।

शर्मनाक! नाबालिग भतीजे से जबरन संबंध बनाती रही चाची, ढ़ाई साल तक चलता रहा घिनौना खेल, जानिये कैसे खुली महिला की पोल

5 घंटे तक पुलिस को घुमाता रहा शातिर दिमाग

गिरफ्तारी के बाद भी आरोपी बबलू पुलिस को छकाते रहा। शुरुआती पूछताछ में करीब 5 घंटे से ज्यादा समय तक उसने पुलिस को गुमराह किया। पहले उसने कहा कि वह सीडीआर चौक गया जरूर था, पर किसी बच्ची को नहीं उठाया। फिर कहानी बदली कि बच्ची खुद आकर गाड़ी में बैठ गई थी और उसने उसे सुरक्षित गुरुग्राम छोड़ दिया। लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई दिखाई और 300 कैमरों के सीसीटीवी फुटेज सामने रखे, तब शाम 5 बजे उसने अपना जुर्म कबूल किया और उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से शव बरामद हुआ।

सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने दिल्ली-एनसीआर की रात्रिकालीन सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। महरौली से सुशांत लोक तक का रास्ता करीब 18 किलोमीटर का है, लेकिन इस पूरे रास्ते में आरोपी को कहीं भी पुलिस चेकिंग नहीं मिली। वह बिना किसी बाधा के इतनी दूर पहुंच गया। इस मामले पर अब सियासत भी गरमा गई है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने भाजपा सरकार की कानून-व्यवस्था को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह वारदात सरकार की विफलता का प्रमाण है और महिलाओं व बच्चों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। बहरहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन फुटपाथ पर रहने वाले इस गरीब परिवार की मासूम अब कभी लौटकर नहीं आएगी।

Location :  New Delhi

Published :  24 June 2026, 12:27 PM IST

Related News

Advertisement