क्या 5 रुपये के भुट्टा से सस्ती है 9 साल की बच्ची की जिंदगी? पढ़ें बहराइच का वह मामला, जिसने भाई-बहन के रिश्तों पर खड़े किए सवाल

बहराइच के खैरीघाट इलाके में 9 वर्षीय बालिका हत्याकांड का आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। भागते समय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे पकड़ लिया है और मामले की जांच जारी है।

Updated : 18 May 2026, 3:40 PM IST
google-preferred

Bahraich: बहराइच के खैरीघाट इलाके में बालिका हत्याकांड का आरोपी पुलिस हिरासत से भाग निकला और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने कट्टे से पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में पकड़ लिया गया। आरोपी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।

9 साल की बच्ची का शव खेत में मिला था

पूरा मामला बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र का है। शनिवार को इलाके के एक गांव में 9 वर्षीय बालिका का शव मक्के के खेत में मिला था। शव की हालत देखकर दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही थी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर गांव निवासी अरुण और उसके पिता छोटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले थे।

Bahraich Murder Case: बहराइच मूर्ति दंगे में कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला, सरफराज को फांसी की सजा

पूछताछ के दौरान भागा आरोपी

रविवार शाम खैरीघाट थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी अरुण ने लघुशंका जाने की बात कही। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और मौके से भाग निकला। आरोपी के फरार होते ही पुलिस टीम उसके पीछे दौड़ी। पुलिस के मुताबिक कुछ दूरी पर पहुंचते ही आरोपी ने पुलिस टीम पर कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली आरोपी के पैर में जा लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

Bahraich News: तेंदुए का आतंक! मासूम पर किया हमला, ग्रामीणों में दहशत

चचेरे भाई ने ही ली मासूम की जान

मामले की जानकारी मिलते ही विश्वजीत श्रीवास्तव और दुर्गा प्रसाद तिवारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एएसपी डीपी तिवारी के मुताबिक आरोपी अरुण मृत बच्ची का चचेरा भाई है। पूछताछ में उसने बताया कि बच्ची खेत में भुट्टा तोड़ने आई थी। उसने बच्ची को रोकने की कोशिश की, लेकिन विरोध करने पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। वहीं आरोपी के कस्टडी से भागने की घटना में पुलिसकर्मियों की लापरवाही की भी जांच शुरू कर दी गई है।

Location :  Bahraich

Published :  18 May 2026, 1:49 PM IST

Advertisement