हिंदी
तेंदुए का आतंक
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच से दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां जनपद में लगातार तेंदुए व अन्य जंगली जानवरों का आतंक लगातार जारी है। बकरी चराने गई लड़की पर तेंदूए ने हमला कर घायल कर दिया। बालिका के शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीणों ने किसी तरह मासूम को बचाया। वहीं तेंदुआ को भी बड़ी मशक्कत के बाद जंगल की ओर भगाया गया।
तेंदुए ने किया मासूम पर हमला
जानकारी के मुताबिक, कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के सुजौली थाना क्षेत्र के जंगल गुलरिया के धनियाबेली ग्राम की रहने वाली 14 वर्षीय राबड़ी देवी महेंद्र सिंह घर के पास बकरी चारा रही थी। उस दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और अपनी ओर घसीटने लगा। जिस पर राबड़ी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जब हांक लगाना शुरू किया तो तेंदुआ बालिका को छोड़ जंगल की ओर भाग गया। घायल बालिका को सभी स्थानीय अस्पताल ले गए और इसकी सूचना 112 और वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया।
जंगली जानवर आबादी में आकर हमला
तेंदुए के हमले में बालिका के सिर व कान पर गंभीर चोटें आई है। अस्पताल में उपचार के दौरान हालत को गंभीर देख डॉक्टरों ने शहर के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। इस दौरान वन दरोगा राघवेन्द्र कुमार, दीवान मोहम्मद उमर, वाचक सूरज शुक्ला, विकास कुमार ने घर पहुंच कर घायल बालिका के परिजनों को पांच हजार की तत्काल सहायता राशि दी। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन तेंदुआ व अन्य जंगली जानवर आबादी में आकर हमला करते है। मगर वन विभाग द्वारा पिंजरा नहीं लगाया जाता। जब हादसा हो जाता है। तब वन विभाग के अधिकारी पिंजरा लगाकर इन्हें पकड़ना शुरू करते है।
Location : Bahraich
Published : 25 July 2025, 3:43 PM IST
Topics : Bahraich News Latest News Leopard UP News villagers