हिंदी
महराजगंज में बारिश से राहत
Mahrajganj: जिले में पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से झेला रही उमस भरी भीषण गर्मी और बिजली की आंखमिचौली के बीच गुरुवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस बारिश ने महराजगंज जनपद के अड्डा बाजार, कोल्हुई और आसपास के गांवों के लोगों को बड़ी राहत दी। जहां एक ओर आमजन ने चैन की सांस ली, वहीं किसानों के चेहरे पर भी उम्मीद की नई किरण दिखाई दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, लगातार गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को बिजली कटौती ने और अधिक परेशान कर रखा था। घरों में महिलाएं और छोटे बच्चे सबसे अधिक प्रभावित थे। दिन के साथ-साथ रातें भी पसीने में कट रही थीं। घर के कामकाज करने में महिलाएं विशेष रूप से परेशान थीं और ऊपर से बिजली का न रहना स्थिति को और अधिक कष्टदायक बना रहा था।
वहीं दोपहर करीब 2 बजे अचानक आसमान में बादल घिरे और कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। इस बारिश ने न केवल तापमान में गिरावट लाई बल्कि हवा में फैली उमस को भी काफी हद तक खत्म कर दिया। लोगों ने राहत की सांस ली और सड़कों पर निकलकर बारिश का आनंद उठाते नजर आए।
किसानों के लिए संजीवनी बनी बारिश
बारिश से सबसे अधिक राहत किसानों को मिली है। धान की खेती कर रहे किसानों के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं थी। खेतों में सूखे के आसार दिखने लगे थे, लेकिन आज की बारिश ने मिट्टी को नमी दी और फसलों को जीवनदान मिला। किसान शकील, देवीशंकर पाठक, विजय शुक्ल, युनुस खान और नौशाद खान ने बताया कि बारिश ने खेतों की प्यास बुझाई है। अगर इसी तरह कुछ और बारिश हो गई तो धान की बुआई और फसल की बढ़वार बेहतर तरीके से हो सकेगी। किसानों ने कहा कि वे लगातार भगवान से प्रार्थना कर रहे थे कि समय पर वर्षा हो और आज की बारिश ने उनकी उम्मीदों को फिर से जिंदा कर दिया है।
बच्चों में खुशी की लहर
बारिश सिर्फ किसानों और बड़ों के लिए ही नहीं, बल्कि बच्चों के लिए भी खुशियों की सौगात लेकर आई। बारिश शुरू होते ही बच्चे घरों से निकलकर बारिश में नहाते और खेलते नजर आए। तेज धूप और गर्मी से परेशान बच्चों के लिए यह मौसम उत्सव से कम नहीं था।
Location : Maharajganj
Published : 25 July 2025, 2:50 PM IST
Topics : Maharajganj News monsoon Power Cuts Rain weather