हिंदी
ग्लोबल झटकों से डगमगाया भारतीय बाजार (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार की तूफानी तेजी के बाद बुधवार को निवेशकों को झटका लगा। कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई और प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स व निफ्टी दोनों लाल निशान में खुले। शुरुआती सत्र में मुनाफावसूली और कमजोर वैश्विक संकेतों का असर बाजार पर साफ तौर पर देखने को मिला।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स करीब 0.5 फीसदी की गिरावट के साथ 83,300 के स्तर से नीचे खुला। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी भी 52 अंकों की कमजोरी के साथ 25,675 के आसपास कारोबार की शुरुआत करता दिखा। मंगलवार को भारत-अमेरिका ट्रेड डील से जुड़ी खबरों के दम पर आई जबरदस्त तेजी के बाद आज बाजार में ठहराव नजर आया।
आज के कारोबार में निवेशकों की नजर पूरी तरह से वैश्विक संकेतों पर बनी हुई है। एशियाई बाजारों का रुख, वॉल स्ट्रीट में आई गिरावट और अमेरिकी टेक शेयरों में बिकवाली का असर घरेलू बाजार की धारणा पर पड़ा। इसके अलावा रुपये की चाल, कच्चे तेल और अन्य कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव भी इंट्राडे ट्रेडिंग सेंटिमेंट को प्रभावित कर सकता है।
निफ्टी IT 5% से ज्यादा टूटा (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
आज के कारोबार में सबसे ज्यादा दबाव आईटी सेक्टर पर देखने को मिला। निफ्टी IT इंडेक्स 5.5 फीसदी से ज्यादा टूट गया, जो बाजार की कमजोरी की बड़ी वजह बना। परसिस्टेंट सिस्टम्स, LTIMindtree, इंफोसिस, HCL टेक, कोफोर्ज, TCS, Mphasis और टेक महिंद्रा जैसे दिग्गज आईटी शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी बाजार में टेक शेयरों की कमजोरी का सीधा असर भारतीय आईटी शेयरों पर पड़ा है।
इस दौरान एनवीडिया, माइक्रोसॉफ्ट और अल्फाबेट जैसे दिग्गज टेक शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली, जिसका असर आज भारतीय बाजार पर भी पड़ा।
आने वाले सत्रों में बाजार की दिशा वैश्विक संकेतों, भारत-अमेरिका ट्रेड डील से जुड़े नए अपडेट और बजट घोषणाओं पर निवेशकों की प्रतिक्रियाओं पर निर्भर करेगी। फिलहाल बाजार में सतर्कता का माहौल बना हुआ है और निवेशक अगली मजबूत दिशा के संकेतों का इंतजार कर रहे हैं।
Location : New Delhi
Published : 4 February 2026, 12:04 PM IST