हिंदी
भारत-अमेरिका टैरिफ डील के बाद शेयर बाजार में ऐतिहासिक तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 3,800 अंक और निफ्टी करीब 1,500 अंक उछला। सभी सेक्टर हरे निशान में रहे और रुपया भी डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ।
भारतीय शेयर बाजार (img source: google)
New Delhi: भारत और अमेरिका के बीच हुई बड़ी टैरिफ डील का असर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में साफ दिखाई दिया। बाजार खुलते ही निवेशकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 3,800 अंकों की ऐतिहासिक तेजी के साथ ऊपर चढ़ गया, जबकि निफ्टी में भी लगभग 1,500 अंकों का उछाल दर्ज किया गया। इस तेज़ी से पूरे दलाल स्ट्रीट में पॉजिटिव माहौल बन गया।
मार्केट ओपन होते ही जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। बैंकिंग, आईटी, मेटल, ऑटो, फार्मा और एफएमसीजी समेत लगभग सभी सेक्टर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। खासतौर पर एक्सपोर्ट से जुड़े शेयरों में मजबूत खरीदारी दिखी। निवेशकों को उम्मीद है कि अमेरिका द्वारा टैरिफ घटाए जाने से भारतीय कंपनियों की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत होगी और उनके मुनाफे में बढ़ोतरी होगी।
टैरिफ डील का सकारात्मक असर विदेशी मुद्रा बाजार में भी देखने को मिला। बाजार खुलते ही रुपया डॉलर के मुकाबले करीब 1.2 प्रतिशत मजबूत हुआ। सोमवार के 91.52 के स्तर से उछलकर रुपया 90.40 तक पहुंच गया। बीते कुछ महीनों में यह रुपये की सबसे मजबूत शुरुआती चाल मानी जा रही है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह तेजी निवेशकों के भरोसे और बेहतर वैश्विक संकेतों का नतीजा है। हालांकि, आने वाले सत्रों में मुनाफावसूली से कुछ उतार-चढ़ाव संभव है। फिर भी भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लंबी अवधि में भारतीय बाजार और निर्यात आधारित कंपनियों के लिए सकारात्मक माना जा रहा है।
खबर अपडेट हो रही है...