हिंदी
उत्तर प्रदेश में ठंड के बीच मौसम का कहर जारी है। IMD ने कई जिलों में बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में घना कोहरा भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।
यूपी में बारिश का कहर (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और इसी बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 3 फरवरी को राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिर सकती है। इन इलाकों में खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
Weather Update: कोहरे की वजह से दिल्ली-NCR में विजिबिलिटी बेहद कम, IMD ने जारी किया ये अलर्ट
बुंदेलखंड क्षेत्र के हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन हवाओं के कारण ठंड में और इजाफा हो सकता है। किसानों और खुले में काम करने वाले मजदूरों को मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।
बारिश के साथ-साथ कोहरे का संकट भी जारी रहेगा। IMD के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 फरवरी तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 फरवरी को सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, आगरा, फिरोजाबाद, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर और महाराजगंज सहित कई जिलों में दृश्यता कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि बादलों, बारिश और हवाओं के चलते ठंड का अहसास बना रहेगा। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
UP Weather Update: बदला मौसम का मिजाज, UP में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट; जानें अपने जिले का हाल
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे न रुकें तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।