हिंदी
बजट सत्र के दौरान लोकसभा में राहुल गांधी के चीन और सीमा विवाद पर दिए बयान से हंगामा हो गया। अप्रकाशित किताब का हवाला देने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आपत्ति जताई और सदन को गुमराह न करने की चेतावनी दी।
बजट सत्र में राहुल गांधी के बयान पर हंगामा
New Delhi: संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू हो चुका है। इस सत्र के दौरान सरकार की नीतियों और आगामी योजनाओं पर व्यापक चर्चा की जा रही है। रविवार 1 फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश किया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लिए कई अहम घोषणाएं की गईं।
बजट पेश होने के बाद संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो गई है। इस चर्चा के लिए कुल 18 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। जैसे ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सदन को संबोधित किया वैसे ही हंगामा शुरू हो गया।
राहुल गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत भारत-चीन सीमा विवाद से की। उन्होंने दावा किया कि चीनी सेना भारतीय सीमा में दाखिल हो रही है और चीनी टैंक भी सीमा क्षेत्र में देखे जा रहे हैं। राहुल गांधी के इस बयान पर सत्तापक्ष की ओर से तीखी आपत्ति जताई गई, जिसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया।
अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने डोकलाम का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार सीमा सुरक्षा को लेकर देश को सही जानकारी नहीं दे रहा है। इस टिप्पणी के बाद सत्तारूढ़ दल के सांसदों ने जोरदार विरोध किया और सदन में शोरगुल बढ़ गया।
PM Modi Budget Speech: बजट सत्र से पहले पीएम मोदी का बड़ा संदेश, जानें भाषण की खास बातें
राहुल गांधी ने अपने भाषण में पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की एक किताब का उल्लेख किया, जो अभी प्रकाशित नहीं हुई है। उन्होंने इस किताब के कथित अंशों का हवाला देते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री ने कड़ी आपत्ति जताई।
लोकसभा में गरमाई राजनीति (Img- X)
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सदन में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि किसी अप्रकाशित पुस्तक का हवाला देना संसदीय नियमों के खिलाफ है। उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि वे सदन को गुमराह न करें। राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि जब कोई किताब आधिकारिक रूप से प्रकाशित नहीं होती, तब तक उसका जिक्र सदन में नहीं किया जा सकता।
आपत्ति के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि उनका स्रोत पूरी तरह विश्वसनीय है और इसमें एक पूर्व सेना प्रमुख के अप्रकाशित संस्मरणों के उद्धरण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सवाल पूछना विपक्ष का अधिकार है।
Budget Session 2026: आज से संसद का बजट सत्र शुरू, 1 फरवरी को आएगा आम बजट, इन मुद्दों पर होगी चर्चा
दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के कारण लोकसभा में कई बार कार्यवाही बाधित हुई। अध्यक्ष को सदन में व्यवस्था बनाए रखने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बावजूद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी रही।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद संसद के बाहर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सत्तापक्ष ने राहुल गांधी पर गैर-जिम्मेदाराना बयान देने का आरोप लगाया है, वहीं विपक्ष ने इसे सरकार की आलोचना से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है।