हिंदी
हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद के बांसगांव थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता साफ नजर आ रही है।
क्या है पूरी खबर?
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को वादी अपनी दुकान पर काम कर रहा था, तभी आरोपी शक्ति तिवारी अपने साथियों के साथ दुकान में घुस आया और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। इस हमले में वादी गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बांसगांव में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में दबिश दी। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मुख्य आरोपी शक्ति तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्राम भीटी तिवारी, थाना बांसगांव का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, कांस्टेबल अभिमन्यु तिवारी और कांस्टेबल कमलेश यादव शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस कार्रवाई से साफ है कि गोरखपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई कर रही है, जिससे आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो रहा है।
Location : गोरखपुर
Published : 19 March 2026, 9:36 PM IST
Topics : Gorakhpur News Latest News UP News क्राइम