हिंदी
मैनपुरी में घरेलू काम करने वाली एक दलित महिला पर चोरी का आरोप लगाकर कथित रूप से उसे मजदूरी से वंचित किया गया। पीड़िता ने एसपी से शिकायत की, जिस पर जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने भोगांव थाना प्रभारी निरीक्षक को पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
कोतवाली भोगांव (Img: Google)
Mainpuri: मैनपुरी जनपद से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां घरेलू काम करने वाली एक दलित महिला पर उसके ही मोहल्ले के लोगों ने चोरी का आरोप लगा दिया। पीड़िता ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक मैनपुरी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
भोगांव थाना क्षेत्र के मोहल्ला शहीद निवासी रेखा देवी पत्नी जनवेद ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एक शिकायती पत्र सौंपा हैं। अपने पत्र में रेखा देवी ने बताया कि वह अपने ही मोहल्ले में रहने वाले राज किशोर शाक्य के घर पिछले पांच महीनों से झाड़ू-पोछा और घरेलू काम कर रही थी। बावजूद इसके, उसे अब तक उसके काम का कोई भी भुगतान नहीं किया गया।
प्रभारी विहीन चौकी, बेखौफ चोर और सवालों में पुलिसिंग: अपराध के दुनिया मे महुआडाबर का खौफनाक रहस्य!
पीड़िता के अनुसार, जब उसने अपने बकाया मेहनताने के करीब 20 हजार रुपये मांगे, तो राज किशोर शाक्य की पत्नी आरती शाक्य ने उस पर तीन सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप लगा दिया। पीड़िता का कहना है कि यह आरोप केवल इसलिए लगाया गया ताकि उसे उसकी मेहनत की कमाई न देनी पड़े।
रेखा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि पैसे मांगने पर आरती शाक्य ने उसके साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसे घर से भगा दिया। पीड़िता का कहना है कि इस घटना से वह मानसिक रूप से टूट गई और सामाजिक अपमान का शिकार हुई।
पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया कि आरोप लगाने के बाद आरती शाक्य ने भोगांव थाने में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। इसके बाद पुलिस ने रेखा देवी को थाने बुलाकर पूछताछ की, जहां कथित तौर पर पुलिस कर्मियों द्वारा उसके साथ गलत व्यवहार किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मैनपुरी ने भोगांव थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप पांडे को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़िता को न्याय का भरोसा भी दिलाया गया है। अब यह देखना अहम होगा कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।